बीजेपी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने जालंधर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर के जयंती समारोह के दौरान पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। जाखड़ ने सरकार द्वारा लाए गए नए ‘बेअदबी बिल’ को असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश बताया और महिलाओं को दी जाने वाली 1000-1500 रुपये की आर्थिक सहायता पर सवाल उठाते हुए राज्य के बढ़ते कर्ज पर चिंता जताई। जालंधर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर के जन्म दिवस के अवसर पर पहुंचे पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आर्थिक स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर जमकर निशाना साधा। बेअदबी बिल पर उठाए सवाल
जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाया गया नया बेअदबी बिल केवल लोगों को गुमराह करने और असल मुद्दों से उनका ध्यान भटकाने का एक जरिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी पंजाब के हालात खराब होने लगते हैं, सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस तरह के संवेदनशील बिल सामने ले आती है। महिलाओं की आर्थिक मदद पर कटाक्ष
महिलाओं को मिलने वाले 1000 से 1500 रुपये के वादे पर टिप्पणी करते हुए जाखड़ ने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि महिलाओं को यह पैसा मिलेगा भी या नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर आम आदमी पार्टी कहीं से जुगाड़ करके एक किस्त महिलाओं के खाते में डाल भी देती है, तो अगली किस्त देने के लिए उनके पास पैसे नहीं बचेंगे। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बढ़ा कर्ज
जाखड़ ने पंजाब की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में राज्य पर कर्ज का बोझ बहुत ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने सवाल किया कि इस भारी कर्ज का जवाब न तो मुख्यमंत्री भगवंत मान दे रहे हैं और न ही अरविंद केजरीवाल। उन्होंने साफ किया कि सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाओं को लंबे समय तक चलाने के लिए कोई ठोस वित्तीय योजना नहीं है।