राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 MLA सस्पेंड:हरियाणा कांग्रेस की रिपोर्ट पर केंद्रीय समिति का एक्शन; BJP कैडिंडेट के पक्ष में की थी वोटिंग

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में भाजपा कैंडिडेट के पक्ष में वोटिंग करने वाले कांग्रेस के पांच विधायकों शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेनू बाला (साढ़ौरा), मोहम्मद इलियास (पुन्हाना), मोहम्मद इजराइल (हथीन) और जरनैल सिंह (रतिया) को निलंबित कर दिया गया है। 16 मार्च को हुए इस चुनाव में कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध एक वोट से भी कम अंतर से जीत पाए थे। हरियाणा कांग्रेस की डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी (DAC) ने इसकी रिपोर्ट बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी थी। इसमें पांचों विधायकों को निलंबित करने की सिफारिश की गई थी। इस रिपोर्ट को केंद्रीय नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया गया। उधर, इस मामले में विधायक शैली चौधरी और जरनैल सिंह का बयान सामने आया। शैली ने कहा कि निलंबन की जानकारी नहीं है, जबकि जरनैल सिंह का कहना है कि एक तरफा कार्रवाई हुई है, मुझे सुना तक नहीं गई। अभी तक विधायक इलियास और इजराइल ने इस सस्पेंशन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं, विधायक रेनू बाला का मोबाइल फोन फिलहाल स्विच ऑफ है। उनके निजी सहायक (पीए) रवि ने बताया कि मैडम आज एक पारिवारिक कार्यक्रम में व्यस्त हैं। स्पष्ट किया कि सस्पेंशन संबंधित कोई पत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। हरियाणा कांग्रेस की ओर से जारी किया गया लैटर… प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र की ओर से जारी पत्र की 3 बातें… पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा के पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुन्हाना एवं हथीन विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायक क्रमशः शैली चौधरी, रेणु बाला, सरदार जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास ओर मोहम्मद इज़राइल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद की कार्रवाई: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद की गई है। बताया कि पांचों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। अन्य नताओं और कार्यकर्ताओं को दिया कड़ा संदेश : राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के निर्णयों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। निलंबन पर विधायकों ने इस तरह दी प्रतिक्रिया… रतिया विधायक बोले- बहुत धक्का हुआ, हमारी सुनवाई नहीं हई रतिया से विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि मुझे मीडिया के जरिए ही पता चला है कि पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। यह हमारे साथ बहुत धक्का हुआ है। हमारी सुनवाई नहीं हुई। जवाब मांगा था, मैंने लिखित में दे दिया था। मगर, बाद में हमें बुलाना चाहिए था। एक तरफा कार्रवाई हुई है, जिसका हमें बहुत दुख हुआ है। आगे कहा कि रतिया में कांग्रेस को जिंदा रखा तो जरनैल सिंह ने रखा है। मैंऔर मेरे साथी बहुत समय तक कांग्रेस के लिए लगे रहे। रतिया में कभी कांग्रेस नहीं जीती, हमने जिताया। मेरे इलाके के 87 हजार वोटर्स ने मुझे विधायक चुना। उन सबके साथ राय-मशविरा करूंगा। दुख तो इसी बात का है कि जिस आदमी की वफादारी की है, उसी ने यह सिला दिया है। पार्टी हाईकमान ने गलत किया है, हमें बुलाकर पूछना चाहिए था। सारी जांच करनी चाहिए थी। शैली चौधरी बोलीं- हमें कोई चिट्‌ठी प्राप्त नहीं हुई कांग्रेस पार्टी से निलंबन किए जाने पर नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी का पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने बताया कि अभी उन्हें इस मामले में कोई चिट्‌ठी पार्टी की ओर से प्राप्त नहीं हुई है। जब तक वह उन्हें नहीं मिल जाती, तब तक वह इस मामले में कुछ नहीं कह पाएंगी। कहा कि वह अभी अपने परिवार के साथ हरियाणा से बाहर आई हुई हैं। संडे को उन्होंने आने की बात कही है। इलियास बोले, वे कुछ नहीं कहेंगे, रेनु बाला का फोन बंद पुनहाना विधानसभा से विधायक मोहम्मद इलियास ने कहा कि पार्टी का अधिकार है, हम इसमें कुछ नहीं कह सकते, वह चाहे जो कर सकते हैं। अन्य पार्टी में शामिल होने वाले सवाल पर वे चुप्पी साध गए। उधर, सढौरा की विधायक रेनू बाला का मोबाइल फोन फिलहाल स्विच ऑफ है। उनके निजी सहायक (पीए) रवि ने बताया कि मैडम आज एक पारिवारिक कार्यक्रम में व्यस्त हैं। यह भी स्पष्ट किया कि सस्पेंशन से संबंधित कोई आधिकारिक पत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। सस्पेंड होने वाले विधायकों के बारे में जानिए… सस्पेंड की गईं रेनू बाला और शैली चौधरी सांसद कुमारी सैलजा की करीबी हैं। दोनों दूसरी बार विधायक बनी हैं। इन दोनों को टिकट दिलाने में सैलजा की ही भूमिका रही थी। 16 मार्च को वोटिंग के दिन शैली चौधरी विधानसभा के गेट पर सीएम नायब सैनी की टीम से जुड़े तरूण भंडारी के साथ दिखी थीं। वोटिंग के बाद मोहम्मद इलियास सीएम नायब सैनी से मिलने गए थे। इलियास लंबे समय से डायलिसिस पर हैं। वोटिंग के लिए भी दो लोगों का सहारा लेकर पहुंचे थे। दिलचस्प है कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर विधानसभा तक पहुंचे थे। इससे अंदाजा लगाया गया कि हुड्डा को पहले से ही उन पर संदेह था। इलियास पांचवीं बार के विधायक हैं। वह 1991, 2000, 2009, 2019 और 2024 में विधायक बने। वह पहले इनेलो में भी रहे हैं। इसके अलावा मोहम्मद इजराइल भी दूसरी बार विधायक बने हैं। उनके पिता जलेब खान भी विधायक रहे और हुड्डा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव भी रहे। कॉस वोटिंग पर भेजे गए शोकॉज नोटिस पर सबसे पहले इजराइल ने ही माना था कि उन्हें कांग्रेस का उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध पसंद नहीं था। सस्पेंड होने से क्या कर पाएंगे, क्या नहीं…. अब यहां जानिए राज्यसभा चुनाव में क्या हुआ था… ——————— इस खबर को भी पढ़ें… हरियाणा राज्यसभा चुनाव,क्रॉस-वोटिंग में फंसे विधायकों की जा सकती विधायकी:सिर्फ 1 वजह काफी, तब दलबदल कानून लगेगा; 2014 के सर्कुलर का भी पेंच हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले कांग्रेस विधायकों को पार्टी ने शोकॉज नोटिस जारी कर दिया है। बुधवार की सुबह ही पार्टी ने इन चार विधायकों के नाम जारी किए थे। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढ़ौरा विधायक रेनू बाला ने क्रॉस वोटिंग की थी। (पूरी खबर पढें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *