मोगा जिले के कस्बा बाघा पुराना में एक नाबालिग लड़के से चांदी का कड़ा उतारने का मामला सामने आया है। बता दे कि पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सहायक थानेदार हरमेश लाल ने बताया कि शेख मुजफ्फर, निवासी वेस्ट बंगाल (हाल आबाद बाघा पुराना), ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका 8 वर्षीय बेटा शेख मुस्ताकिम अपने दोस्त जोरा सिंह के साथ पुरानी डाकखाने वाली गली, मोगा रोड बाघा पुराना में खेल रहा था। चांदी का कड़ा उतार कर फरार इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां आया और मुस्ताकिम से बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद उसका एक और साथी भी आ गया। दोनों ने मुस्ताकिम का हाथ पकड़ा और उसे कुछ दूरी पर ले गए। वहां उन्होंने उसके दाहिने हाथ में पहना 24 तोले वजनी चांदी का कड़ा उतार लिया और मौके से फरार हो गए। दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज मुस्ताकिम ने घर आकर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि गांव रोडे निवासी हरमन सिंह ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर बाघा पुराना पुलिस ने हरमन सिंह और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।