दिल्ली से 21 अप्रैल तक घोषित होंगे भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार, नामों पर मंथन शुरू

चंडीगढ़ | हरियाणा में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव से पहले जारी आरक्षण अधिसूचना को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। जस्टिस विकास बहल और जस्टिस रोहित कपूर की खंडपीठ ने बुधवार को सुनवाई के दौरान संकेत दिया कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद अदालत का हस्तक्षेप सीमित हो जाता है। कोर्ट ने कहा कि डिलिमिटेशन और सीट आरक्षण को सीधे अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती, बल्कि ऐसे विवाद चुनाव याचिका के माध्यम से उठाए जाते हैं। मामले की सुनवाई अब रोस्टर के अनुसार नियमित बेंच के समक्ष गुरुवार को होगी। पंचकूला निवासी उषा रानी समेत अन्य याचिकाकर्ताओं ने 10 अप्रैल की अधिसूचना को रद्द करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सिर्फ एससी वर्ग के लिए आरक्षण तय किया गया है, जबकि अन्य वर्गों को शामिल नहीं किया गया। आज कांग्रेस की बैठक में नपा-नप के चुनाव भी सिंबल पर लड़ने की उठ सकती है मांग शहरी सरकार के होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को दिल्ली में चुनाव समिति की बैठक में चुनाव को लेकर जहां मंथन किया जाएगा, वहीं नेताओं की ड्यूटी भी लगाई जा सकती है। पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के नाम पहले ही ले चुकी है। ऐसे में नामों पर भी मंथन हो सकता है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में सभी पालिका-परिषद के चुनाव भी सिंबल पर लड़ने की मांग उठ सकती है। ऐसा न होने पर कांग्रेस के कई उम्मीदवार उतरने से वोट बंट जाते हैं। कांग्रेस ने शुरू किया घोषणा पत्र पर काम, 17 को फिर बैठक… कांग्रेस चुनाव मैदान में अपने घोषणा पत्र के साथ उतर रही है। इसे लेकर गठित घोषणा पत्र समिति की ऑनलाइन बैठक हुई। समिति अध्यक्ष गीता भुक्कल ने कहा कि सभी सदस्य निकायों के मुद्दे पर मंथन कर उसकी रिपोर्ट बनाएं। इस समिति की दूसरी बैठक 17 अप्रैल को चंडीगढ़ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में होगी। स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। भाजपा के दिग्गज सातों निकायों में रायशुमारी में जुट गए हैं। वहीं, दोनों दलों ने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नई दिल्ली से ही करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस व भाजपा ने दिल्ली में बैठकें बुलाई हैं। कांग्रेस की आज दिल्ली में बैठक होगी, वहीं भाजपा की 19 को बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार भाजपा 20, कांग्रेस 21 अप्रैल से पहले प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है। इधर, राज्य चुनाव आयोग ने इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने को योजना बनाई है, इसके तहत कॉलेजों, बड़ी कॉलोनियों व शहरों में विभिन्न कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण इसके लिए पहले ही दिशा निर्देश दे चुके हैं। 10 मई को जिन 7 निकायों में मतदान होगा, दिसंबर 2020 में इन निकायों में हुए चुनावों में 59.8% मतदान हुआ था। जिन 3 निगमों में 10 मई को मतदान होगा, वहां 2020 में मतदान 57% रहा था। अम्बाला में 56.3, पंचकूला में 56.4, सोनीपत में 57.9% मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *