चंडीगढ़ में अब कम्युनिटी सेंटरों में खुलेंगी जिम:मेल-फीमेल की अलग-अलग टाइमिंग, ट्रेनर भी अलग होंगे; मामूली फीस लेगी नगर निगम

शहर के लोगों को महंगे जिम खर्च से बचाने के लिए चंडीगढ़ नगर निगम नई स्ट्रेटजी में जुट गई है। निगम अब सभी इलाकों में बने कम्युनिटी सेंटरों में जिम शुरू करने की तैयारी में है। इसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग टाइमिंग होगी। वहीं, फीस भी मामूली रखी जाएगी, ताकि लोगों की जेब पर किसी तरह का बोझ न पड़े। इसके लिए पॉलिसी का ड्रॉफ्ट भी तैयार किया गया है। सभी जिम प्रशिक्षित ट्रेनरों के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। इन ट्रेनरों की नियुक्ति नगर निगम की ओर से की जाएगी। इस प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी के लिए हाउस में भेजा जाएगा, जहां निगम कमिश्नर की मंजूरी के बाद इस दिशा में काम शुरू होगा। मेंबरशिप सिस्टम को लागू किया जाएगा पॉलिसी के मुताबिक, जिम के संचालन के लिए मेंबरशिप सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसमें सालाना लगभग 1000 रुपए की फीस निर्धारित की गई है। जरूरत पड़ने पर इस फीस में बढ़ोतरी भी की जा सकती है। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम के लिए पुरुषों और महिलाओं की अलग-अलग टाइमिंग निर्धारित करने का प्रावधान किया गया है। मेंबरशिप से प्राप्त होने वाली राशि से ट्रेनरों का वेतन दिया जाएगा तथा जिम उपकरणों के रखरखाव और संचालन का खर्च भी इसी से पूरा किया जाएगा। स्पेशल कमेटी सुलझाएगी हर मामला जिम में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए या किसी तरह का विवाद हो जाए, उसे सुलझाने के लिए एक मैनेजमेंट कमेटी गठित की जाएगी। इस कमेटी में संबंधित क्षेत्र के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और जिम के कुछ सदस्य शामिल होंगे, जो पूरे सिस्टम की निगरानी करेंगे। जिम उपकरणों पर लाखों रुपये खर्च, फिर भी बंद पड़े सेंटर चंडीगढ़ के सेक्टर-19, 18, 22, 27, 42, 48 और 49 सहित कई कम्युनिटी सेंटरों में जिम का सामान वर्षों से उपयोग के बिना पड़ा हुआ है। प्रत्येक जिम में लगभग 8 से 10 लाख रुपये तक की मशीनें और अन्य उपकरण मौजूद हैं। कुछ स्थानों पर एयर कंडीशनर और नई फ्लोरिंग भी लगाई गई है, लेकिन संचालन न होने के कारण मशीनों में जंग तक लगना शुरू हो गया है। सेक्टर-27 में पहले एक ट्रेनर नियुक्त किया गया था, लेकिन वेतन न मिलने के कारण जिम बंद हो गया। पहले भी हो चुके हैं प्रयास साल 2024 में पूर्व नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने भी जिम पॉलिसी लागू करने का प्रयास किया था और इसकी जिम्मेदारी तत्कालीन जॉइंट कमिश्नर शशि वसुंधरा को सौंपी गई थी। उस समय हाउस मीटिंग में इस विषय पर चर्चा भी हुई, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। अब जब यह मुद्दा प्रशासक के समक्ष उठाया गया है और कई पार्षद इसे हाउस में उठा चुके हैं, तो पॉलिसी के जल्द लागू होने की उम्मीद जताई जा रही है। शहर में 51 कम्युनिटी सेंटर, 30 में जिम सुविधा चंडीगढ़ में कैटेगरी ए, बी और सी को मिलाकर कुल 51 कम्युनिटी सेंटर हैं, जिनमें से लगभग 30 में जिम की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि, स्पष्ट पॉलिसी के अभाव में इनमें से कई जिम वर्तमान में बंद पड़े हैं। कैटेगरी ए और बी के सेंटर अपेक्षाकृत बड़े हैं, जबकि कैटेगरी सी के सेंटर छोटे और पुराने होने के कारण उनमें स्थान की कमी भी एक चुनौती है। हर सेक्टर में ओपन एयर जिम चंडीगढ़ में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के 1800 से अधिक पड़ोसी पार्कों में ओपन एयर जिम स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 500 से ज्यादा पार्कों में ये उपकरण पहले से उपलब्ध हैं और समय-समय पर नए पार्कों में भी जोड़े जाते रहते हैं। शहर का पहला ओपन एयर जिम सेक्टर-16 के शांति कुंज में स्थापित किया गया था। जबकि, सेक्टर-63, 20 और 49 सहित अन्य क्षेत्रों में भी हाल के वर्षों में ऐसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। ये जिम पूरी तरह निशुल्क हैं और तकनीकी रूप से 24 घंटे खुले रहते हैं। हालांकि, लोग आमतौर पर सुबह 5 बजे से रात 9-10 बजे तक इनका उपयोग करते हैं, जो पार्कों के सामान्य समय के अनुरूप है। ओपन एयर जिम की सटीक संख्या समय-समय पर बदलती रहती है, क्योंकि नगर निगम लगातार नए पार्कों में उपकरण स्थापित करती रहती है। इसलिए किसी विशेष सेक्टर में उपलब्धता की जानकारी के लिए गूगल मैप्स पर Open Air Gym near [सेक्टर नाम] सर्च किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *