सासाराम के तकिया मोहल्ले में गुरुवार सुबह करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र निवासी अकबर अली के बेटे आदिल अली(40) के रूप में हुई है। आदिल अली टेंट पंडाल का व्यवसाय करते थे। बुधवार रात तकिया मोहल्ले में एक शादी समारोह का आयोजन हुआ था। गुरुवार सुबह आदिल पंडाल खोल रहे थे, तभी लोहे की एक पाइप ऊपर से गुजर रहे नंगे बिजली के तार के संपर्क में आ गई। इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। प्रयासों के बावजूद नहीं बची जान मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। हालांकि, चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि जब घायल को अस्पताल लाया गया, तो उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अन्य लक्षण नहीं दिख रहे थे। सीपीआर सहित अन्य उपचार दिए गए, पर कोई लाभ नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलने पर सासाराम नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बिजली के नंगे तारों को लेकर बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की।