पलवल में एक्सीडेंट में बाइक सवार युवक की मौत:वाहन ने मारी टक्कर; फैक्ट्री में काम करता था, घर लौट रहा था

पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर हुडा चौक के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार फैक्ट्री कर्मचारी की मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भॉटिया कॉलोनी (पलवल) निवासी 25 वर्षीय देवन के रूप में हुई है। मृतक के भाई जगदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और देवन एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। बुधवार को जगदेव किसी काम से फैक्ट्री में ही रुक गया, जबकि देवन काम खत्म कर अकेले घर लौट रहा था। रास्ते में हुडा चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ड्राइवर पर केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि आरोपी वाहन और ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *