राजेंद्र सेतु से दो शातिर चोर भाई गिरफ्तार:भारी मात्रा में मोबाइल और नकदी बरामद, अंतर-जिला गिरोह का खुलासा

मोकामा और हाथीदह रेल पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में दो शातिर चोर भाइयों को गिरफ्तार किया है। ये अंतर-जिला गिरोह के सदस्य हैं और राजेंद्र सेतु (सिमरिया) के पास चलती ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान चुराते थे। इनकी गिरफ्तारी शुक्रवार को हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के बीहट (इब्राहिमपुर) निवासी ब्रह्मदेव दास के पुत्र अरविंद दास और संजीव दास के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 7 स्मार्टफोन, 8 लेडीज पर्स और 24,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इनके घर से चांदी जैसी धातु की एक चेन भी मिली है। आरपीएफ निरीक्षक रविंदर यादव ने बताया कि रेल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध अपराधी राजेंद्र पुल के पास घूम रहे हैं। इस सूचना पर हाथीदह और मोकामा रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती तलाशी में आरोपियों के पास से मोबाइल और पर्स बरामद हुए। इसके बाद पुलिस उन्हें उनके घर ले गई, जहां उनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का अन्य सामान और चांदी जैसी चेन बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों भाई पेशेवर अपराधी हैं। इन पर विभिन्न रेल थानों में 6 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मुख्य रूप से चलती ट्रेनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के पर्स और यात्रियों के मोबाइल छीनने या चुराने का काम करते थे। पिछले कुछ समय से हाथीदह और राजेंद्र पुल के समीप रेल खंड पर छिनतई और चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई थी, जिससे यात्री भयभीत थे। इस गिरोह की गिरफ्तारी से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस कार्रवाई के लिए मोकामा और हाथीदह रेल निरीक्षकों व उनकी टीम की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *