हिमाचल में सेब को बर्फबारी से नुकसान पर मिलेगा मुआवजा:बीमा योजना में एड-ऑन की तैयारी, ओलावृष्टि से डैमेज मेन कवर में नहीं जुड़ेगा

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से सेब को होने वाले नुकसान को ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ में शामिल किया जा सकता है। राज्य के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने इसे लेकर हॉर्टिकल्चर डायरेक्टर को निर्देश दे दिए हैं। अब बागवानी विभाग एक प्रस्ताव तैयार करेगा और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रस्तावित मीटिंग में इसे मंजूरी के बाद केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, क्योंकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केंद्र सरकार की है। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद सेब बगीचों को बर्फबारी से होने वाला नुकसान एड ऑन आधार पर बीमा कवर में शामिल होगा। इसके बागवानों को अलग से प्रीमियम भरना होगा। यानी बर्फबारी से नुकसान मेन कवर में नहीं, बल्कि एड ऑन आधार पर मिलेगा।
अभी बाढ़, सूखा, बेमौसम बारिश पर मिलता है मुआवजा बता दें कि, फसल बीमा योजना के तहत किसी बागवान ने यदि अपने सेब बगीचे का बीमा करवा रखा है, तो उसे सूखा, बाढ़, बेमौसम बारिश, आंधी इत्यादि से नुकसान की स्थिति में मुआवजा मिलता है। इसके लिए बागवानों को लगभग 75 रुपए प्रति प्लांट प्रीमियम भरना पड़ता है। ओलावृष्टि अभी मेन कवर में नहीं है। इसलिए, यदि ओलावृष्टि से फसल को होने वाला नुकसान का भी बीमा करवाना है तो बागवानों को एड ऑन स्कीम के तहत लगभग 23 रुपए प्रति प्लांट एक्स्ट्रा प्रीमियम भरना पड़ता है। यानी कुल 98 रुपए प्रति प्लांट देना होता है। ओलावृष्टि को मेन कवर में शामिल करने का प्रस्ताव ठुकराया बागवानी विभाग ने कुछ दिन पहले सरकार को ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान को एड ऑन से हटाकर मेन कवर में डालने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा, मगर बागवानी मंत्री ने इसे रद्द कर दिया है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि राज्य के बहुत कम हिस्सों में होती है। ऐसे में यदि ओलावृष्टि को मेन कवर में डाला जाता है तो उससे प्रीमियम की राशि बढ़ जाएगी। इसकी मार पूरे प्रदेश के बागवानों पर पड़ेगी। इसे देखते हुए ओलावृष्टि को एड ऑन ही रखना जाएगा। उन्होंने कहा कि बर्फ से होने वाले नुकसान को एड ऑन किया जाएगा, ताकि बागावनों के नुकसान की भरपाई हो सके। इस बार भी बर्फबारी से सेब को भारी नुकसान प्रदेश के अधिक ऊंचे भागों में इस बार अप्रैल के पहले और दूसरे सप्ताह में बर्फबारी हुई है। इससे कई जगह सेब बगीचों के साथ एंटी हेल नेट, बांस और पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बागवानों को इससे लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। मगर राज्य में अब तक बर्फबारी से नुकसान बीमा कवर में शामिल नहीं है। ऐसे में इसे एड ऑन करने से बागवानों को फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *