फाजिल्का में शादी से पहले रिश्ता टूटा:लड़के पक्ष पर दहेज में कार और सोना मांगने का आरोप, जालंधर के 4 लोगों पर केस दर्ज

फाजिल्का के सिटी थाना पुलिस ने शादी से पहले दहेज मांगने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में लड़की पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन ऐन मौके पर लड़के पक्ष ने कार और अन्य दहेज की मांग कर दी, जिसके चलते शादी टूट गई। शिकायतकर्ता करनैल सिंह, निवासी बाधा रोड, फेस-2 सिविल लाइंस फाजिल्का, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता जालंधर निवासी बिमलजीत सिंह के साथ तय किया था। 2 जुलाई 2025 को फाजिल्का के एक निजी होटल में दोनों की सगाई भी कर दी गई थी। 25 मार्च को होनी थी शादी इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत चलती रही और जनवरी 2026 में बैठक के दौरान 25 मार्च 2026 को शादी की तारीख तय कर दी गई। करनैल सिंह ने बताया कि शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई थीं। उन्होंने मिठाइयों के लिए हलवाई, कैटरिंग, डेकोरेशन, लाइटिंग, वेटर और पैलेस की बुकिंग कर ली थी। यहां तक कि शादी के कार्ड भी छपवा लिए गए थे। 22 अक्टूबर 2025 को उनकी बेटी और होने वाले दामाद ने खन्ना में प्री-वेडिंग शूट भी करवाया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 फरवरी को बिमलजीत सिंह ने उनकी बेटी को फोन कर दहेज में कार, सोना और अन्य सामान की मांग की। जब उन्होंने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, तो लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की के पिता बोले- लड़के के परिवार ने मानसिक रूप से परेशान किया करनैल सिंह का आरोप है कि लड़के और उसके परिवार ने पहले से तय शर्तों के विपरीत अचानक दहेज की मांग कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बिमलजीत सिंह, उसके पिता परमजीत सिंह, माता बलविंदर कौर और भाई मनजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी जालंधर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *