चंडीगढ़ में एक युवक का वीडियो सामने आया है। जिसमें वह नशे में धुत होकर एक ही जगह पर बिना हिले-डुले करीब 30 मिनट तक खड़ा रहता है। उसने अपने एक हाथ में बीड़ी भी ली हुई और आंखें बंद हैं और मुंह खुला हुआ है। वीडिया में मौके पर कुछ लोग भी उसके आसपास बैठे दिख रहे हैं। उसने करीब आधा घंटे तक तब कोई प्रतिक्रिया नहीं की, तो लोग देखकर हैरान रह गए। लोगों ने कहा कि यह तथाकथित जोंबी ड्रग्स का असर हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं पुलिस ने कहा कि युवक की पहचान कर कार्रवाई करेंगे।
वीडियो में क्या दिख रहा… 22 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि युवक सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़ा है। उसके आसपास 10 से 15 लोग बैठे हुए हैं, कुछ लोग वहां से गुजर भी रहे हैं। युवक अपने पैरों को मोड़कर खड़ा हुआ है, जिसकी आंखें बंद हैं और मुंह खुला हुआ है। युवक के एक हाथ में बीड़ी पड़ी हुई है, लेकिन उसके शरीर में कोई मूवमेंट नहीं है। पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने कहा कि यह वीडियो जिस जगह का है, वहां से कुछ ही दूरी पर सेंट्रल रिजर्व फोर्स का इंटर स्टेट नाका है। साथ ही चंडीगढ़ पुलिस भी मौजूद रहती है। यह सड़क चंडीगढ़ को पंजाब के न्यू चंडीगढ़ के साथ जोड़ती है, जिस कारण यहां पर वाहनों की आवाजाही भी काफी ज्यादा रहती है। फिर भी इस तरह से नशे की हालत में वहां पर युवक खड़ा है और पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। एसएसपी चंडीगढ़ से करेंगे मुलाकात वहीं मामले में इलाका पार्षद रामचंद्र ने कहा कि वह नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए कैंप लगाते हैं। पहले कई बार इलाके में बढ़ते नशे को लेकर वह थाना प्रभारी को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। अभी नए थाना प्रभारी की तरफ से उन्हें इलाके में नशे पर काबू पाने का आश्वासन दिया गया है। वह जल्द ही इस मामले को लेकर एसएसपी चंडीगढ़ से मुलाकात करेंगे। युवक की पहचान की जा रही- थाना प्रभारी मामले में थाना सारंगपुर के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक का कहना है कि यह वीडियो उनके संज्ञान में आया है। युवक की पहचान की जा रही है। इस बारे में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी। जानिए क्या है जोंबी ड्रग जोंबी ड्रग, जिसे वैज्ञानिक भाषा में जाइलाजीन कहा जाता है, मूल रूप से पशुओं (जैसे घोड़ों और गायों) को बेहोश करने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक शक्तिशाली ‘ट्रैंक्विलाइज़र’ है। इसे ‘जोंबी ड्रग’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसके सेवन के बाद इंसान की हालत बेहद भयावह हो जाती है, जो इसका सेवन करता है, वह अक्सर सुध-बुध खो देते हैं, घंटों तक झुककर या अजीब स्थिति में स्थिर खड़े रहते हैं, और उनके शरीर पर गहरे घाव या सड़न होने लगती है जो अंगों के गलने का कारण बन सकती है। इसे अक्सर हेरोइन या फेंटेनल जैसे नशीले पदार्थों के साथ मिलाकर बेचा जाता है, जिससे यह जानलेवा हो जाता है क्योंकि इंसानों पर इसके प्रभाव को उलटना बहुत मुश्किल होता है और यह श्वसन तंत्र को धीमा कर देता है। **************** ये खबर भी पढ़ें: आंखें बंद, मुंह में बीड़ी, ढाई घंटे खड़ा रहा:हाथ में लाइटर, जला नहीं पाया; चंडीगढ़ के डिलीवरी बॉय का VIDEO चंडीगढ़ में नशे में धुत डिलीवरी बॉय का वीडियो सामने आया है। उसे नशा इस कदर चढ़ा कि वह एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पा रहा था। सड़क किनारे एक जगह करीब ढाई घंटे तक खड़ा रहा। उसकी आंखें बंद थीं। मुंह में बीड़ी थी। लेकिन वह लाइटर तक नहीं जला पा रहा था। बीड़ी उसके मुंह में ही फंसी रही। (पढ़ें पूरी खबर)