वरमाला से पहले दूल्हा बोला- घर चलो, ठीक करेंगे:भड़की दुल्हन, बोली- इस लड़के से नहीं करूंगी शादी; वैशाली में मैरिज हॉल में भिड़े दोनों पक्ष

वैशाली में वरमाला के दौरान दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद शादी समारोह में जमकर हंगामा और मारपीट हुई। घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकौसन कारगिल गेट के पास स्थित एक विवाह भवन में शुक्रवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि बारात के मैरिज हॉल पहुंचते ही माहौल बिगड़ गया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे का भाई और उसके कुछ दोस्त दुल्हन के कमरे में घुस गए, जहां वह वरमाला के लिए तैयार हो रही थी। जब उन्हें बाहर जाने को कहा गया, तो वे गाली-गलौज करने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोगों ने पुलिस को ये सूचना दी कि दूल्हे को बंधक बना लिया है। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपने साथ थाने ले गई। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… दूल्हे की बात सुन घबराई दुल्हन हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और शादी की रस्में आगे बढ़ाने की कोशिश की। दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंचे, लेकिन इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन से कहा- चलो घर तुमको ठीक करते हैं। इस बात से दुल्हन घबरा गई। वरमाला के तुरंत बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। बाराती दूल्हे को छोड़कर वहां से चले गए दुल्हन के फैसले के बाद एक बार फिर तनाव बढ़ गया। अफरा-तफरी के बीच बाराती दूल्हे को छोड़कर वहां से चले गए। दूल्हा पक्ष ने पुलिस को सूचना दी कि दूल्हे को बंधक बना लिया है। इसके बाद बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को थाने ले गई। घटना के बाद शादी पूरी तरह रुक गई। दुल्हन के हाथों की मेहंदी अधूरी ही रह गई। बारात के लिए तैयार किया गया खाना भी किसी ने नहीं खाया। शनिवार सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आपसी सहमति से इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने का फैसला किया। फिलहाल, दोनों पक्ष समझौते की दिशा में बातचीत कर रहे हैं। एसडीपीओ बोले- आवेदन पर करेंगे कार्रवाई सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि जंदाहा थाना क्षेत्र से चकौसन बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में बारात आई थी। वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद लड़के पक्ष के दो युवक लड़की के कमरे में प्रवेश कर गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने के बाद बाराती मैरिज हॉल छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़के को थाने लाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें आपसी सहमति से शादी नहीं करने का निर्णय लिया गया और समझौता कर लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आइए, जानें कब क्या हुआ… बारात पहुंचते ही शुरू हुआ बवाल लड़की पक्ष के लोगों के अनुसार, जैसे ही बारात विवाह भवन पहुंची, दूल्हे का भाई और उसके कुछ दोस्त सीधे दुल्हन के कमरे में घुस गए। उस समय दुल्हन वरमाला के लिए तैयार हो रही थी। परिवार की महिलाएं उसके साथ मौजूद थीं। दुल्हन पक्ष के लोगों ने जब उन्हें बाहर जाने को कहा तो वे नाराज हो गए। इसके बाद बहस शुरू हुई, जिसके बाद मामला बिगड़ गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के के भाई और उसके दोस्तों ने गाली-गलौज भी की। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। विवाह भवन में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शादी में आए मेहमान भी इस अचानक हुए विवाद से हैरान रह गए। रिश्तेदारों ने कराया बीच-बचाव मौके पर मौजूद बुजुर्गों और रिश्तेदारों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला कुछ देर के लिए थम गया। परिवार वालों ने सोचा कि अब विवाद खत्म हो गया है और शादी की रस्में आगे बढ़ाई जा सकती हैं। इसके बाद वरमाला कार्यक्रम की तैयारी शुरू हुई। स्टेज को दोबारा सजाया गया। दूल्हा और दुल्हन को वरमाला के लिए बुलाया गया। मेहमान भी स्टेज के सामने इकट्ठा हो गए। माहौल सामान्य करने की कोशिश की गई। वरमाला हुई, फिर दूल्हे से बिगड़ी बात दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर पहुंचे और वरमाला की रस्म पूरी की गई। परिवार वालों को लगा कि अब बिना किसी परेशानी के शादी संपन्न हो जाएगी, लेकिन इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन से कुछ ऐसा कह दिया, जिससे पूरा मामला फिर बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने दुल्हन से कहा, शादी के बाद घर चलो फिर बताते हैं। यह बात सुनकर दुल्हन घबरा गई। उसने परिवारवालों से अपनी नाराजगी जताई और वरमाला के तुरंत बाद शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन ने साफ कहा कि वह इस लड़के से शादी नहीं करेगी। दुल्हन के फैसले से मचा हड़कंप दुल्हन के इनकार की खबर फैलते ही विवाह भवन में हड़कंप मच गया। दोनों परिवारों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। कुछ लोग दुल्हन को समझाने लगे, जबकि कुछ लोग दूल्हे पक्ष से बातचीत करने लगे, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने शादी की बाकी रस्में पूरी करने से मना कर दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ते देख दूल्हे पक्ष के कई बाराती चुपचाप वहां से निकल गए। कुछ ही देर में अधिकांश बाराती दूल्हे को छोड़कर भाग गए। मेहंदी रह गई, पकवान हुए बर्बाद इस पूरे घटनाक्रम के बाद शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं। दुल्हन के हाथों में लगी मेहंदी वैसी ही रह गई। मंडप सजा रह गया, लेकिन सात फेरे नहीं हो सके। बारातियों और मेहमानों के स्वागत के लिए बनाए गए पकवान भी बर्बाद हो गए। परिवार वालों के चेहरे पर खुशी की जगह मायूसी और तनाव नजर आया। जहां कुछ घंटे पहले बैंड-बाजे और खुशी का माहौल था, वहां बाद में लोग सिर्फ विवाद की चर्चा करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *