सोनबरसा बाजार में प्रशासनिक टीम ने की छापेमारी:साइबर कैफे, किराना, निजी क्लिनिक को सख्त चेतावनी

सीतामढ़ी के सोनबरसा बाजार में प्रशासन ने अचानक ‘ऑपरेशन कागज’ चलाया। सदर एसडीओ आनंद कुमार, डीएसपी बथनाहा टू आशीष आनंद, बीडीओ मृत्युंजय कुमार और शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने ब्लॉक परिसर से लेकर हनुमान चौक और सीमा से सटे बाजार तक विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई की शुरुआत ब्लॉक परिसर के सामने स्थित कंप्यूटर और साइबर कैफे से हुई, जहां कागजातों की जांच में कई अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद टीम हनुमान चौक पहुँची और कस्टम से संबंधित लोगों से पूछताछ की। बाजार के भीतर चावल की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों, खाद की दुकानों और एक निजी क्लिनिक तक की जाँच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में दुकानों में जीएसटी पंजीकरण और वैध लाइसेंस का अभाव पाया गया। कई प्रतिष्ठान बिना उचित दस्तावेज़ों के संचालित हो रहे थे, जबकि बिलिंग व्यवस्था भी संदिग्ध मिली। इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होने की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, कई दुकानदार आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सके, जबकि कुछ ने अधूरे कागज़ात दिखाए। अधिकारियों ने इन सभी मामलों में स्पष्टीकरण मांगा है और भविष्य में कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। प्रशासनिक टीम के बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि कुछ दस्तावेज़ जुटाने में व्यस्त दिखे। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि बिना वैध दस्तावेज़ों के कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *