देवरहा बाबा मंदिर का 8वां स्थापना दिवस मनाया गया:सोनपुर के छितरचक में वैदिक मंत्रोच्चार से महाअभिषेक

सोनपुर के हरिहर क्षेत्र स्थित गंगाजल पंचायत के छितरचक में योगीराज देवरहा बाबा मंदिर का 8वां स्थापना दिवस रविवार को मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। देवरहा बाबा की प्रतिमा का महाअभिषेक, पूजन और आरती संपन्न कराई गई। इस मौके पर संत फलाहारी बाबा उर्फ श्याम सुंदर मुनि जी महाराज ने प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन की सफलता का मूल आधार गुरु मंत्र और गुरु का मार्गदर्शन है। उन्होंने जोर दिया कि सच्चे गुरु के बताए मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति का जीवन निश्चित रूप से सफल और कल्याणकारी बनता है। पूज्य श्रीधर बाबा के शिष्य मुरारी स्वामी ने अपने संबोधन में बताया कि दादा गुरु देवरहा बाबा का संपूर्ण जीवन विश्व कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने करोड़ों लोगों को ईश्वर भक्ति से जोड़ा। उनके आदर्शों पर चलते हुए श्रीधर बाबा आज शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में दर्जनों शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, धर्मशाला और सेवा केंद्रों के माध्यम से समाज को सशक्त कर रहे हैं। बीपी योगेश ने देवरहा बाबा द्वारा की गई कई भविष्यवाणियों का जिक्र किया, जिनके आज सत्य साबित होने का दावा किया गया। उन्होंने चीन-अमेरिका जैसे देशों को लेकर की गई भविष्यवाणियों का उल्लेख किया, जो वर्तमान में कई देशों के आपसी तनाव और संघर्ष की स्थिति में परिलक्षित हो रही हैं। कार्यक्रम का समापन भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने सभी संतों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर संत गणेश दास, संत मुद्रिका दास, मेघनाथ प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *