बिहार में 9 जिलों का तापमान 40°C पार:अगले 3 दिनों में और बढ़ेगी गर्मी, दक्षिण-मध्य इलाकों में 45 डिग्री सेल्सियस तक होगा पारा

बिहार के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। 9 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इनमें 4 जिलों का पारा 43 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। रविवार को 43 डिग्री के साथ रोहतास सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, कैमूर में 42.9, गयाजी में 42.8 और बक्सर में 42.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, औरंगाबाद में तापमान 41.8 डिग्री और नालंदा में 41.5 डिग्री रहा। जबकि शेखपुरा में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3 दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसमें गया, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और रोहतास जिले शामिल हैं। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है। वहीं दूसरी तरफ, मौसम विभाग ने अररिया और किशनगंज में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इन जिलों में हल्के बादल रहने से तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। गर्मी से जुड़ी जिलों से आईं तस्वीरें…
पटना में 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता तापमान पटना में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पटना में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाएं चलेगी। दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात के तापमान में भी बहुत अधिक गिरावट नहीं होगी। लोग उमस भरी गर्मी अधिक महसूस करेंगे। रविवार को सबसे गर्म जिला रहा डेहरी राज्य के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म पछुआ हवा के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। डेहरी में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के वक्त अगर बहुत जरूर काम नहीं हो तो घर से निकलने से बचे। धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *