पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:हाईवे पर चलती कार में आग लगी, अमृतसर में गर्भवती महिला ने आत्महत्या की; बेअदबी कानून को चुनौती

पंजाब सरकार के नए बेअदबी कानून को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। जालंधर के सिमरनजीत सिंह ने यह याचिका दायर की है। उनका कहना है कि इस कानून में सिर्फ एक ही धर्म का जिक्र है जबकि बाकी धर्मों का जिक्र नहीं है। ऐसे में यह देश की धर्म निरपेक्षता का उल्लंघन है। इसके अलावा BNS की धाराएं और उम्रकैद तक की सजा होने की वजह से इसके लिए राष्ट्रपति की मंजूरी जरूरी है लेकिन सरकार ने सिर्फ गवर्नर की मंजूरी लेकर इसे लागू कर दिया है। यह याचिका आज ही फाइल हुई है। इस पर जल्द सुनवाई हो सकती है। बता दें कि सरकार ने नए कानून में बेअदबी को लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान किया है। हालांकि इसमें सिर्फ श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी का ही जिक्र है। हिंदू, मुस्लिम और ईसाई धर्मग्रंथों की बेअदबी को लेकर कानून में कोई प्रावधान नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़-खरड़ हाईवे पर चलती कार में लगी आग चंडीगढ़-खरड़ हाईवे पर मुंडी खरड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दोपहर करीब 1:45 बजे चलती ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। खरड़ से चंडीगढ़ की ओर जा रही इस कार में आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कार के बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने स्थिति भांप ली और तुरंत वाहन से बाहर निकल आया। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। इस घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग और पेट्रोल पंप के कर्मचारी तुरंत हरकत में आए। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में गर्भवती महिला ने की आत्महत्या, घर में फंदे से लटकी मिली अमृतसर जिले में अजनाला के गांव गुज्जापीर में गर्भवती महिला ने आत्महत्या कर ली। वह घर में पंखे से लटकी मिली। महिला की पहचान काजल के रूप में हुई है। उसकी 8 साल पहले गुज्जापीर के लवप्रीत के साथ शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे है। महिला पति लवप्रीत ने बताया कि रात के समय काजल एक बार बाथरूम जाने के लिए उठी थी। इसके बाद वह दोबारा उठकर कमरे से बाहर गई। कुछ समय बाद पता चला कि काजल ने साथ वाले कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक मृतका का पति मजदूरी करता है। उन्होंने कहा कि काजल ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) जालंधर में शख्श ने निगला जहर, परिवार का आरोप- ठेकेदार ने पैसे नहीं दिए जालंधर के गोराया में राजमिस्त्री ने जहरीली वस्तु निगलकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि काम के पैसे न मिलने और ठेकेदार व अन्य लोगों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बेटे के बयानों के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान गांव इंदणां क्लसके के रहने वाले जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। जसविंदर ने गांव विरका में इकबाल मोहम्मद उर्फ बाली की कोठी का ठेका लिया था। परिजनों के अनुसार, कोठी मालिक और अन्य लोग उन पर काम जल्दी खत्म करने का भारी दबाव बना रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर) बुड़ैल जेल में कैदी भिड़े, लॉरेंस का गुर्गा घायल चंडीगढ़ की बुडैल जेल में मंगलवार को दो कैदी आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों के बीच काफी देर तक झगड़ा चलता रहा, जिसके बाद जेल पुलिस ने हस्तक्षेप कर मशक्कत से दोनों को अलग किया। इस झड़प में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार, घायल कैदी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो पुलिस जांच में गैंगस्टर लॉरेंस गैंग का करीबी बताया जा रहा है। वहीं दूसरे कैदी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जो मंगलवार को अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। सूत्रों के मुताबिक, दोनों कैदी जेल परिसर में बनी डिस्पेंसरी में नियमित जांच और दवाई लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश को लेकर पहले हल्की कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में तीखी बहस में बदल गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे को धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी और मामला मारपीट तक पहुंच गया (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में दूध महंगा, 5 रुपए प्रति किलो तक दाम बढ़ेंगे लुधियाना में बढ़ती महंगाई और लेबर संकट के चलते शहर में दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हैबोवाल और ताजपुर रोड डेयरी एसोसिएशन ने संयुक्त बैठक में 1 मई 2026 से दूध के रेट में 5 रुपए प्रति किलो बढ़ोतरी का ऐलान किया है। डेयरी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह लाहोरिया व चेयरमेन परमिंदर सिंह बोबी ने कहा कि ताजपुर रोड और हम्बड़ा रोड दोनों डेयरी कॉम्प्लेक्स की साझा बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ते खर्चों के कारण अब दूध सस्ता देना संभव नहीं है। यह बढ़ोतरी की दरें पूरे लुधियाना में लागू होगी। एसोसिएशन के मुताबिक, लगातार बढ़ती महंगाई के कारण पशुओं के चारे की कीमतों में इजाफा हुआ है। वहीं, लेबर की कमी और मजदूरी में बढ़ोतरी हो रही है। गैस सिलेंडर न मिलने से काम प्रभावित हो रहा है। जंग के असर के कारण अब डेयरी कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) पटाखा गोदाम में विस्फोट, कर्मचारी झुलसे फाजिल्का में अबोहर के पटेल पार्क स्थित विज हॉल के नजदीक देर रात एक दुकान में पटाखों और ज्वलनशील सामग्री के भंडार में भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके से आसपास की चार दुकानें और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट में राधा चुग और दुकान संचालक के कुछ कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और प्रशासन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। हादसे के कारणों को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ लोगों ने सिलेंडर फटने की आशंका जताई है, जबकि अन्य इसे पोटाश या पटाखों के कारण हुआ विस्फोट बता रहे हैं। देर रात तक पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा रहा और आग बुझाने का काम जारी रहा। चंडीगढ़ लेजर वैली में कार दौड़ाने वाले को सफाई करने की सजा, जुर्माना भी लगा चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली के वॉकिंग ट्रैक पर क्रेटा कार दौड़ाने वाले मोहाली के साहिल कौशल को सीजेएम कोर्ट ने कम्युनिटी सर्विस की सजा सुनाई है। कोर्ट ने साहिल पर डेंजरस ड्राइविंग के लिए 5 हजार रुपये जुर्माना लगाने के साथ ही 4 दिनों तक लेजर वैली में ही साफ-सफाई करने का आदेश दिया है। सजा के आदेश नगर निगम कमिश्नर को भेज दिए गए हैं। निगम कर्मचारी साहिल की अटेंडेंस लगाएंगे। सजा पूरी होने के बाद निगम कोर्ट में रिपोर्ट जमा करेगा। जेल भेजने के बजाय आरोपी में अनुशासन लाना और उसे भविष्य के लिए सुधारने का मौका देना है। 5 हजार रुपए जुर्माना भी लगा
मंगलवार को सुनवाई के दौरान आरोपी ने डीएल और आरसी पेश कर दी, इसलिए दो उल्लंघनों पर जुर्माना नहीं लगा। हालांकि, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने (डेंजरस ड्राइविंग) के मामले में कोर्ट ने 5 हजार का जुर्माना लगाया। राज्य की ओर से एएपी अनिल कुमार पेश हुए। सुनवाई शाम को छुट्टी के समय की गई। अनुपालन रिपोर्ट मिलने के बाद ही कोर्ट केस की फाइल बंद करेगा। कोर्ट बोला- ट्रैक पैदल और साइकिल वालों के लिए
कोर्ट ने कहा कि वॉकिंग ट्रैक केवल पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए है, वहां कार चलाना गंभीर अपराध है। आरोपी ने न केवल लोगों की जान जोखिम में डाली, बल्कि परमिशन होने का झूठ भी बोला। जानिए क्या था मामला?
आरोपी इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। शूटिंग के दौरान वह कार ट्रैक पर ले गया था। सैर कर रहे किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर पुलिस और निगम कमिश्नर को भेज दिया था। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर गाड़ी कब्जे में ली और 18 हजार रुपये के चालान काट दिए। इसमें बिना लाइसेंस, आरसी और डेंजरस ड्राइविंग जैसे उल्लंघन शामिल थे। आरोपी ने पुलिस से दावा किया था कि उसके पास भारी सामान ले जाने की अनुमति है, जो जांच में पूरी तरह झूठा निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *