लुधियाना में रॉन्ग साइड दौड़ाई हरियाणा की बस:ट्रैफिक जाम से बचने को लिया शॉर्टकट, वीडियो वायरल होते ही कटा चालान

लुधियाना की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस की तीसरी आंख (सोशल मीडिया) का पहरा है। दुगरी रोड पर शॉर्टकट के चक्कर में रॉन्ग साइड बस दौड़ाने वाले एक ड्राइवर का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें हरियाणा नंबर की एक बस दुगरी रोड पर ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर रॉन्ग साइड चलती दिखाई दे रही थी। चंद मिनट बचाने के चक्कर में ड्राइवर न सिर्फ अपनी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहा था। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया विभाग हरकत में आ गया। बस मालिक और ड्राइवर को सख्त हिदायत ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो उनके पास सोशल मीडिया के जरिए पहुंचा था। इसके बाद पुलिस की स्पेशल टीम ने वीडियो की पड़ताल की और बस के नंबर के आधार पर उसकी पहचान की गई। सोमवार को पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली इस बस का भारी-भरकम चालान काट कर बस मालिक और ड्राइवर को सख्त हिदायत दी है। शॉर्टकट’ के चक्कर में कटा चालान पुलिस की जांच में सामने आया कि ड्राइवर ने ट्रैफिक जाम से बचने या जल्दी पहुंचने के लिए दुगरी रोड पर शॉर्टकट लिया और गलत दिशा में बस घुसा दी। ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि हमारी सोशल मीडिया टीम हर प्लेटफॉर्म पर नजर रख रही है। अगर आप सड़क पर नियम तोड़ रहे हैं और कोई वीडियो बना लेता है, तो यह मत सोचिए कि आप बच जाएंगे। नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *