लुधियाना में मंगलवार तड़के खूनी खेल देखने को मिला। सिविल अस्पताल के बाहर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में गोलियां चल गईं। इस हमले में धर्मेंद्र नामक एक युवक के पैर में गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (DMC) रेफर किया गया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर तेजधार हथियारों से वार करते नजर आ रहे हैं। कोचर मार्केट से शुरू हुआ विवाद, अस्पताल तक पहुंचा पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत कोचर मार्केट के पास हुई थी। जवाहर नगर कैंप के पास कुछ लोग धार्मिक यात्रा के लिए बसें तैयार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवकों के साथ उनकी मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें 3 लोग घायल हो गए। रास्ते में घेरकर बरसाईं गोलियां जब घायल पक्ष अपना इलाज करवाने और मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल की ओर जा रहा था, तब दूसरे गुट ने उनका पीछा किया। अस्पताल के पास हमलावरों ने दोबारा घेराबंदी की और सरेराह तीन राउंड फायर किए। एक गोली सीधे धर्मेंद्र के पैर में जा धंसी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। CCTV फुटेज में क्या दिखा? घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो से तीन युवक एक व्यक्ति को घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। वीडियो में गोली चलने की आवाज स्पष्ट सुनाई दे रही है। हालांकि फायरिंग करने वाले आरोपी का चेहरा फुटेज में स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के अन्य कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस का क्या कहना है? जवाहर नगर कैंप में तीर्थ यात्रा पर जाने वाली बसों को लेकर विवाद शुरू हुआ था। झगड़े के बाद जब एक पक्ष अस्पताल जा रहा था तो दूसरे पक्ष ने रास्ते में उन पर हमला कर दिया। फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।