नूंह जिले के लघु सचिवालय परिसर में सोमवार शाम एक सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई। यह घटना लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित एटीएम में कैश डालते समय हुई। बंदकू से निकली गोली दीवार में जा लगी, हालांकि इसमें कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। एक निजी कैश मैनेजमेंट कंपनी की टीम एटीएम में नकदी डालने के लिए लघु सचिवालय पहुंची थी। टीम में सिक्योरिटी गार्ड राकेश भी शामिल था, जिसके पास 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक थी। बताया जाता है कि गार्ड ने बंदूक को कंधे से उतारकर जमीन पर रखा, तभी अचानक फायर हो गया। बंदूक पहले से लोडेड थी और संभवतः जमीन पर रखने के दौरान ट्रिगर दबने से गोली चली, जो दीवार में जा लगी। गोली चलने से मचा हड़कंप घटना के समय वहां कुछ लोग मौजूद थे। हालांकि, गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह फायरिंग अनजाने में हुई है। गार्ड के पास लाइसेंसी बंदूक थी और इसमें कोई आपराधिक मंशा सामने नहीं आई है। गार्ड ने भी अपनी गलती स्वीकार की है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गार्ड और टीम को छोड़ दिया है, लेकिन मामले की जांच जारी है।