दुष्यंत चौटाला को किसान नेता राकेश टिकैत ने दी सलाह:जींद में बोले- पहले परिवार से करें बात, फिर किसानों के बीच आएं

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत जींद में चल रहे किसानों के धरने पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर टिप्पणी की और सरकार को ‘तानाशाह’ बताया। टिकैत ने कहा कि अगर दुष्यंत चौटाला किसान आंदोलन के समय भाजपा का साथ छोड़कर किसानों के बीच आते, तो आज वे हरियाणा के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने चौटाला को सलाह दी कि उन्हें सबसे पहले अपने गांव चौटाला जाकर परिवार से सलाह करनी चाहिए, फिर किसानों के बीच आना चाहिए। हिसार पुलिस के साथ दुष्यंत चौटाला के विवाद पर बोलते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि परिवार में अगर झगड़ा होगा तो भाजपा उन्हें अकेले-अकेले कर देगी। उन्होंने चौटाला को परिवार को एकजुट करने और फिर किसानों के बीच आने की सलाह दी। हरियाण सरकार तानाशाह, नहीं सुन रही किसानों की बात : टिकैत टिकैत ने सरकार को ‘तानाशाह’ बताते हुए कहा कि वह किसानों की बात नहीं सुन रही है। उन्होंने घोषणा की कि अब वे चंडीगढ़ जाएंगे और वहां पंचायत करेंगे, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने 2013 में बने एक नए कानून में राहुल गांधी के प्रमुख योगदान का भी जिक्र किया। टिकैत ने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी को ‘बेवकूफ साबित’ करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है और अपनी पूरी आईटी सेल को इस काम में लगा रखा है। उन्होंने हरियाणा के कांग्रेस नेताओं से ‘त्याग’ करने और मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा छोड़ने का आह्वान किया। महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी देवीलाल के संबंधों का भी उल्लेख टिकैत ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी देवीलाल के संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब चौधरी देवीलाल थे, तब किसानों के बीच उनका सम्मान था। टिकैत ने टिप्पणी की कि जब परिवार बंट जाता है, तो सरकार पहले शामिल करती है और फिर अलग कर देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *