पानीपत में हड़ताल पर बैठा निगमकर्मी नहर में कूदा, VIDEO:साथी ने भी छलांग लगाई, गोताखोर तलाश रहे; 10 दिन बाद बेटी की शादी

पानीपत में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल के बीच एक कर्मचारी नहर में कूद गया। उसके साथ एक और साथी ने छलांग लगा दी। हालांकि, साथी खुद बाहर आ गया और उसने बताया कि वो बचाने के लिए कूदा था। घटना के बाद से गोताखोरों की टीमें कर्मचारी की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कर्मचारी हड़ताल से यह कहकर निकला था कि वह घर जा रहा है, लेकिन वो घर जाने के बजाय अपने दो साथियों के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर चला गया। जहां से उसके कूदने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। 10 दिन बाद उसकी बेटी की भी शादी थी। दरअसल, दमकल कर्मियों के 2 साथियों की मौत के बाद ये हड़ताल चल रही है। दमकल कर्मियों ने सभी कर्मचारियों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया था। ये दोनों मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… हड़ताल से निकलकर नहर पर गए थे दोस्त नहर में लापता व्यक्ति की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी संदीप उर्फ काला (38) के रूप में हुई है। संदीप के फूफा के बेटे रंजीत ने बताया कि 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे संदीप निगम कर्मचारियों की हड़ताल से यह कहकर निकला था कि वह घर जा रहा है। लेकिन घर जाने के बजाय वह अपने दो साथियों के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर चला गया। सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध घटना नहर किनारे लगे एक CCTV कैमरे की फुटेज में यह पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि संदीप संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में कूद गया। चौंकाने वाली बात यह है कि उसके कूदने के तुरंत बाद उसका एक साथी भी नहर में कूदता दिखाई दे रहा है। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद साथी बाहर आ गया और उसने बताया कि वो संदीप को ही बचाने कूदा था। तलाश जारी, साथियों से पूछताछ की मांग संदीप के दोस्तों ने घटना के काफी देर बाद परिवार को मामले की जानकारी दी। तब से परिजन और गोताखोर नहर के बहाव में संदीप को ढूंढ रहे हैं। परिवार ने पुलिस से इस मामले की गहनता से जांच करने और साथ गए दोस्तों से पूछताछ करने की मांग की है ताकि यह साफ हो सके कि संदीप नहर में गिरा या उसे धक्का दिया गया। 2 मई को है बेटी की शादी इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने बताया कि संदीप की बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और आगामी 2 मई को उसकी मंझली बेटी की शादी तय है। घर में शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं और संदीप तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस अनहोनी ने खुशियों को दुख में बदल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *