अबोहर के सरकारी अस्पताल में आज एक बंदर ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ में दहशत फैल गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि डॉक्टरों और मरीजों को अपने कमरे छोड़कर बाहर भागना पड़ा। बंदर ने कई मरीजों और स्टाफ सदस्यों को घायल भी किया है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक बंदर अस्पताल परिसर में घुस आया। देखते ही देखते वह उछल-कूद करते हुए कभी पर्ची काटने वाली खिड़की पर पहुंच जाता तो कभी वार्डों के भीतर। इसके बाद बंदर इमरजेंसी वार्ड और मेटरनिटी वार्ड में भी पहुंच गया। उसने वार्ड में मरीजों को लगाई गई ड्रिप वाली बोतलों और एक ब्लड की बोतल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। यह देखकर वार्ड में इलाज करवा रहे मरीज कमरों से बाहर भाग आए। मरीजों पर किया हमला बताया गया है कि इस बंदर ने इलाज करवाने आई इंदिरा नगरी निवासी नीलम रानी और 4 अन्य मरीजों के परिजनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों को बाद में टीकाकरण करवाकर छुट्टी दे दी गई। बंदर के आतंक को देखकर कोई भी व्यक्ति उसे भगाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। वन विभाग को दी सूचना अस्पताल स्टाफ ने इसकी सूचना एसएमओ को दी, जिन्होंने उसे पकड़ने के लिए जंगली जीव रक्षा विभाग को सूचित किया है। समाचार लिखे जाने तक बंदर को पकड़ने के लिए कोई टीम अस्पताल नहीं पहुंची थी। तश्वीरों से देखिए बंदर का कारनामा