गुरुग्राम में शराब ठेके के बाहर युवती को पीटा, VIDEO:गालियां देकर करती रही विरोध; राहगीर खड़े होकर देखते रहे तमाशा

गुरुग्राम शहर के पॉश और व्यस्त इलाके इफ्को चौक के पास सरेराह एक युवक ने युवती की बेरहमी से पिटाई कर दी। काफी देर तक दोनों में मारपीट होती रही, जिसे देखने के लिए राहगीर भी रूक गए। एक व्यक्ति ने इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इफ्को चौक के पास स्थित एक शराब ठेके के बाहर भारी भीड़ और ट्रैफिक के बीच एक युवक युवती पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसा रहा है। हमला इतना अचानक और तेज था कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, मारपीट के बावजूद युवती डरी नहीं और वह गालियां देकर लगातार युवक का विरोध करती रही। सड़क पर चलते लोग इस पूरी घटना के मूकदर्शक बने रहे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। सोशल मीडिया पर आक्रोश घटना का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। लोग हरियाणा पुलिस और गुरुग्राम प्रशासन को टैग करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वीडियो में जिस तरह से युवक सरेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहा है, उसने आरोपी को पुलिस का खौफ भी नजर नहीं आ रहा है। पुलिस को नहीं मिली शिकायत हालांकि देर रात का यह मामला अभी पुलिस के संज्ञान में नहीं है और न ही युवक या युवती की तरफ से पुलिस में कोई शिकायत की गई, लेकिन पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने इस वीडियो की जांच के लिए संबंधित थाना पुलिस के पास फॉरवर्ड किया है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। पुलिस ठेके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी, ताकि पूरी घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *