दुबई से अमृतसर पहुंचा कुलवंत का शव:परिवार और ससुराल पक्ष में एयरपोर्ट पर तीखा विवाद, एक-दूसरे पर लगाए आरोप; जांच की मांग

दुबई में एक महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मारे गए कुलवंत सिंह का शव अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। शव के पहुंचते ही मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष के बीच उसे लेने को लेकर तीखा विवाद शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक के साले द्वारा शव को दुबई से भारत लाया गया था। एयरपोर्ट पर ससुराल पक्ष ने शव अपने साथ ले जाने की मांग की, जबकि मृतक के माता-पिता और अन्य परिजनों ने इसका कड़ा विरोध किया। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि कुलवंत सिंह की मौत के पीछे उसके साले और ससुराल पक्ष के कुछ लोग जिम्मेदार हैं। ईमेल के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की परिवार का कहना है कि उन्हें कई दिनों तक घटना की सही जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने लगातार फोन और ईमेल के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। बाद में कंपनी के एक कर्मचारी ने उनकी मौत की सूचना दी, जिससे परिवार को गहरा सदमा लगा। भाई ने साले और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि मामले को छिपाया गया और उन्हें गुमराह किया गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता और निहंग बाबा गुरप्रीत सिंह भी परिवार के समर्थन में सामने आए और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को शुरू से ही सही जानकारी नहीं दी गई और कुछ लोगों द्वारा धमकी देने की बात भी सामने आई है। ससुराल पक्ष ने विवाद से किया इनकार, जांच की अपील दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने इस मामले में किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे कोई झगड़ा नहीं चाहते और अंतिम संस्कार का निर्णय मृतक के माता-पिता पर छोड़ते हैं। उनका कहना है कि जो भी दुखद घटना हुई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों और रिश्तेदारों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *