बठिंडा में एक मामूली विवाद में बुधवार देर रात एक युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर आरोप लगया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह वारदात तलवंडी साबो सब-डिवीजन के गांव भागी बंदर में हुई है। मृतक हरजीत सिंह दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसका दो अन्य दिहाड़ी मजदूरों के साथ विवाद हो गया। मामले के पीछे पुलिस पूरानी रंजिश भी बता रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लयया जाएगा। काम से लौटते समय हुआ विवाद बताया गया कि हरजीत सिंह बुधवार रात को काम खत्म करके घर लौट रहा था। उसके ही गांव के आरोपी दोनों मजदूर भी काम खत्म करके आ रहे थे। इसी दौरान उनमें बहस हो गई। दोनों आरोपियों ने हरजीत सिंह को बुरी तरह से लाठी डंडों से पीटा। उसे कल देर रात गंभीर हालत में तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसपर और बहु बेटे पर भी किया हमला मृतक हरजीत सिंह की मां ने बताया कि घटना के समय वह घर पर रोटियां बना रही थीं। शोर सुनकर जब वह बाहर आईं, तो उन्होंने हरजीत को जमीन पर पड़ा देखा। उन्होंने बताया कि पास ही दो भाई गुरप्रीत और नीका बैठे थे, जिन्होंने उन्हें भी डांटा और लाठी लेकर उनके पीछे भागे। मां के अनुसार, कुछ देर बाद जब उनका दूसरा बेटा और बहू मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। एसपी जसमीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तलवंडी साबो पुलिस स्टेशन को झगड़े की सूचना मिली थी। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक और आरोपी के बीच थी पुरानी रंजिश एसपी के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि आरोपी उसी गांव के दो दिहाड़ी मजदूर हैं। वे अपना काम खत्म कर लौट रहे थे, तभी किसी बात पर उनकी बहस हो गई। आरोपियों और मृतक के बीच पुरानी रंजिश भी थी। इसी के चलते आरोपियों ने हरजीत सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी।