फरीदाबाद में दोस्त के घर गए युवक की गोली लगने के मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी नेत्रपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा योगेश 21 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्त हर्ष के साथ भीकम कॉलोनी निवासी अभय के घर गया था। बताया गया है कि योगेश और हर्ष वहां अनाज की टंकी भरवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान घर के अंदर अचानक गोली चलने की घटना हो गई, जिसमें योगेश के सिर में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल योगेश को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। योगेश की अगले दिन उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर शाम आरोपी अभय को उसके भीकम कॉलोनी स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बोला- सफाई के दौरान मिला था देसी कट्टा पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अभय ने बताया कि जब योगेश और हर्ष उसके घर पर टंकी में अनाज डालने आए थे, तो अनाज डालने से पहले कमरे की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान उसे कमरे में एक देसी कट्टा मिला। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान अचानक कट्टे से गोली चल गई, जो सीधे योगेश के सिर में जा लगी। पुलिस ने आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। जिस अवैध हथियार से गोली चली वह आरोपी के पास कहां से आया। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसमें कोई अन्य पहलू भी सामने आ सकता है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।