हरियाणा में तापमान 44.6 डिग्री पर पहुंचा:दिन का पारा सामान्य से 4.2°C ऊपर, कल से गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

हरियाणा में सूरज की तपिश अब झुलसाने लगी है। शुक्रवार को प्रदेश के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, रोहतक में पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है । प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और ‘हीटवेव’ जैसे हालात बन गए हैं। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के 13 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया है । इनमें रोहतक (44.6°C), सिरसा (43.4°C), हिसार (42.9°C), नारनौल (42.8°C), और फरीदाबाद (43.5°C) जैसे शहर शामिल हैं । मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मौसम विभाग ने आज अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल सहित कई जिलों में लू और वॉर्म नाइट रहेगी। कल से दो दिन बारिश के आसार : एचएयू चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 29 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 25 अप्रैल देर रात्रि को एक पश्चिमीविक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 26 अप्रैल रात्रि से 29 अप्रैल के दौरान हरियाणा राज्य में आंशिक बादलवाई रहने और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी मौसम में आए बदलाव और आगामी दिनों में संभावित बारिश व तेज हवाओं को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं और जौ की तैयार फसल की कटाई और थ्रेसिंग जल्द से जल्द पूरी कर लें और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें। अगले 3-4 दिनों तक कपास, मूंग, उड़द और सूरजमुखी की बुवाई रोकने की सलाह दी गई है । साथ ही सब्जियों (भिंडी, लौकी, खीरा) की बुवाई भी टाल दें। बदलते मौसम के कारण अगले तीन दिनों तक किसी भी प्रकार के कीटनाशक के छिड़काव से बचें। गर्मी और लू से बचाने के लिए पशुओं को दिन के समय छायादार और हवादार शेड में रखें । उन्हें पर्याप्त और साफ पानी पिलाएं ताकि वे ‘हीट स्ट्रेस’ का शिकार न हों । जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… रोहतक में सबसे ज्यादा गर्मी : हरियाणा में शुक्रवार को गर्मी ने तेवर कड़े कर लिए। औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की वृद्धि हुई, जिससे यह सामान्य से 4.2 डिग्री ऊपर पहुंच गया है । राज्य का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 44.6 डिग्री दर्ज किया गया । हिसार, करनाल, और नारनौल जैसे शहरों में भी पारा 42 डिग्री के ऊपर बना हुआ है । राहत की बात यह है कि अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है । भिवानी की रात सबसे गर्म : शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है । राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल के इंद्री में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य क्षेत्रों जैसे भिवानी में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *