कानपुर में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। सुबह के समय बाजार खुल ही रहा था कि स्थानीय लोगों ने एक दुकान से धुआं उठते देखा। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। तीनों दुकानें एक ही परिवार के भाइयों की हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर मौजूद एक दुकानदार बाहर नहीं निकल सका। जिंदा जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। जबकि पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। मौके पर कानपुर सीएफओ मौजूद हैं। घटना घाटमपुर के दीना मार्केट में हुई है। यह 4 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से जानिए मामला… घाटमपुर नगर के दीना मार्केट में बेहटा बुजुर्ग निवासी तीन सगे भाई रामकिशन, सत्यनारायण और रज्जनलाल की दुकानें हैं। एक दुकान किराना की, दूसरी कपड़े की और तीसरी बिस्कुट की थोक की दुकान है। दीना मार्केट में दुकानों के ऊपर ही घर बना है। दुकादारों का परिवार उसी में रहता है। रोज की तरह तीनों भाई शुक्रवार की रात दुकान बढ़ाकर दूसरे मंजिल में अपने अपने परिवार के खाना खाने के बाद सो गए। शनिवार सुबह जब लोगों ने दुकानों से धुंआ उठते देखा तो शोर मचाया। इस दौरान बड़े भाई रामकिशन की नींद खुल गई। उन्होंने नीचे वाले हिस्से में आग लगी देखी तो बेटे को बताने के लिए कमरे की ओर बढ़े। तभी धुएं का गुबार आ जाने से वह गश खाकर गिर गए। इस दौरान आग की तेज पलटों से वह घिर गए और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहसीलदार ने मौके पर परिजनों से जुटाई जानकारी घटना की सूचना मिलते घाटमपुर तहसीलदार अंकिता पाठक मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनो से घटना की जानकारी जुटाई है। इसके साथ उन्होंने परिजनो को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने पुलिस से कहकर बचाव का राहत कार्य में तेजी कराई है। वह स्वयं मौके पर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली है, मृतक दुकानदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है…