पटना हाईकोर्ट में शनिवार सुबह अचानक छह हथियारबंद आतंकवादी घुस आए। कोर्ट परिसर में आतंकियों ने एक बस को हाईजैक कर लिया और उसमें सवार लोगों को बंधक बना लिया। कोर्ट कैंपस में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ। चारों ओर दहशत और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इसी बीच आंतकी हमले की खबर पटना ATS की टीम को दी गई। ATS की टीम फौरन हाईकोर्ट पहुंची और परिसर को चारों ओर से घेर लिया। बंधकों को छुड़ाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। इस दौरान ATS के जवान सूझबूझ के साथ हाईजैक बस में घुसे और आतंकियों पर हमला कर दिया। कुछ देर में ही जवानों ने बंधकों को बिना नुकसान पहुंचाए आतंकियों को धर दबोचा। पटना हाईकोर्ट में दिखा ये नजारा कोई असली आतंकी हमला नहीं था, बल्कि एंटी टेरर स्क्वॉड की मॉक ड्रिल थी। दरअसल, राजधानी पटना समेत राज्य भर की अदालतों को बम से उड़ाने की लगातार धमकियां मिल रही हैं। इसके बीच आज ATS ने पटना हाईकोर्ट में मॉक ड्रिल की। पहले पटना हाईकोर्ट में आतंकियों के घुसने की तस्वीरें.. हैंड ग्रेनेड, एडवांस राइफल से लैस थे आतंकी मॉक ड्रिल में हाईकोर्ट परिसर में 6 आतंकवादी घुसे। सभी के पास हैंड ग्रेनेड और एडवांस राइफल थी। सबसे पहले दहशत फैलाने के इरादे से उन्होंने मेन गेट पर हैंड ग्रेनेड से धमाके किए। फिर एंट्री लेने के दौरान आतंकियों की सुरक्षा कर्मियों से भिड़ंत हुई। इसके बाद सभी आतंकी अंदर कैंपस में घुस गए। चार आतंकवादियों ने एक बस को अपने कब्जे में ले लिया और दो बाहर कैंपस में रेकी करते रहे। इसके बाद हाईजैक बस को उन्होंने भवन के गेट पर खड़ी कर दी। सूझबूझ से जवानों आतंकियों को पकड़ा आतंकी हमले की सूचना मिलते ही पटना ATS के जवान कुछ ही देर में हाईकोर्ट पहुंच गए। कुछ ही देर में जवानों ने पूरे हाईकोर्ट परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दो जवान रस्सी के सहारे छत से बस पर उतरे और साथी जवानों को संकेत दिया। ग्रीन सिग्नल मिलते ही करीब 6 ATS जवानों की टुकड़ी ने बस की खिड़की के सहारे आतंकियों को गन पॉइंट पर ले लिया। अगले ही पल 8 ATS जवानों की दूसरी टुकड़ी बस के अंदर घुस गई और आतंकियों से हथियार छिनकर उन्हें धर दबोचा। अब देखिए ATS जवानों के मोर्चा संभालने और आतंकियों को घुटनों पर लाने की तस्वीरें… फुर्तीले डॉगी ने आतंकी पर किया हमला इसके बाद बस में मौजूद 4 आतंकियों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। तभी एक आतंकी जवान को धक्का देकर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन मौके पर तैनात डॉग स्क्वॉड के फुर्तीले डॉगी ने आतंकी पर हमला कर उसे घायल कर दिया और फिर उस आतंकी को जवानों ने फौरन पकड़ लिया। भागते आतंकी को डॉगी द्वारा पकड़ने की तस्वीर करीब एक घंटे चले मॉक ड्रिल में सभी आतंकियों को पकड़ लिया। इसके बाद जवानों से सभी आतंकियों को एक कतार में घुटनों के बल बैठाकर गन पॉइंट पर लेकर उनकी तलाशी ली। फिर उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। देखिए आतंकियों की गिरप्तारी की तस्वीर आतंकी हमले से बचाव की तैयारियों को परखा गया यह मॉक ड्रिल संभावित आतंकी हमले की स्थिति में सुरक्षा और बचाव तैयारियों को परखने के उद्देश्य से किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान ATS के जवानों ने डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ते और कमांडो टीम के साथ मिलकर आतंकी हमले की वर्चुअल टेरर अटैक का प्रदर्शन किया। इस दौरान आतंकियों से मुठभेड़ कर परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई को भी दिखाया गया। पिछले कुछ महीनों से बिहार के कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ये रिहर्सल की गई। मुख्य न्यायाधीश ने देखी मॉक ड्रिल इस मौके पर मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू सहित अन्य न्यायाधीश और अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने पूरी मॉक ड्रिल देखी। मॉक ड्रिल शुरू होने से पहले जस्टिस की ओर से सभी को संबोधित किया गया। ATS की इस पहल को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।