खगड़िया में महिला दरोगा की रील वायरल:विभागीय नियमों का उल्लंघन, जवाब-तलब; एसपी के लौटने पर होगा फैसला

खगड़िया के परबत्ता थाना में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर की सोशल मीडिया रील वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस मामले में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित दरोगा से जवाब-तलब किया है। मिली जानकारी के अनुसार, परबत्ता थाना में कार्यरत महिला एसआई निशा कुमारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह रील वर्दी में या ड्यूटी से जुड़े माहौल में बनाई गई है, जिससे विभागीय नियमों के उल्लंघन का सवाल खड़ा हो गया है। राज्य स्तर पर पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया व्यवहार को लेकर पहले से ही सख्त निर्देश जारी हैं। हाल ही में पूर्णिया में इसी तरह के मामले में एक महिला दरोगा पर विभागीय कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद यह घटना पुलिसकर्मियों के अनुशासन पर फिर से सवाल उठा रही है। एसडीपीओ बोलीं-ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं इस पूरे मामले में गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए महिला एसआई निशा कुमारी से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी की गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि संबंधित पदाधिकारी को पहले भी इस तरह की गतिविधियों के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी। फिलहाल खगड़िया के पुलिस अधीक्षक छुट्टी पर हैं। उनके लौटते ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद कानूनी और विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *