कैथल सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत पर भड़के परिजन:थाने के बाहर बैठे, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, लापरवाही का आरोप

कैथल जिले के कलायत में गोशाला मार्केट के पास एक कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक करीब 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति को चोटें आई हैं। हादसा देर रात हुआ। गुस्साए परिजन टक्कर मारने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर बैठ गए। उन्होनें पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों को न तो गिरफ्तार किया और न ही उनके खिलाफ बाई नेम FIR की गई। सख्त कार्रवाई न करके पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करेगी, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वहीं, पुलिस उनको समझाने के प्रयास में जुटी रही। करीब दो घंटे के बाद पुलिस के समझाने पर परिजन उठ गए। बता दें कि बीती रात को सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत कलायत पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को भी बुलाया। परिजनों की सहायता से व्यक्ति को कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके दूसरे साथी का इलाज करवाया गया। मृतक व्यक्ति की पहचान कलायत के रहने वाले अनिल कुमार के रूप में हुई। वह दो बच्चों का पिता था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे में घायल अमित का इलाज करवाया गया। दुकान से घर जा रहा था कलायत थाना SHO सुभाष चंद्र ने बताया कि अनिल कैटलफीड (पशुओं का चारा) विक्रेता का काम करता था। रात को अपनी दुकान से काम खत्म करने के बाद अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। जैसे ही वह कलायत में गोशाला मार्केट के पास पहुंचे तो यह हादसा हो गया। कार के ड्राइवर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें अनिल की मौत हो गई, जबकि उसके दूसरे साथी को चोटें आई है। घायल के बयान लेगी पुलिस उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के बयान के अनुसार मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *