मौसम विभाग ने आज बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट किया है। इन जिलों में 50KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी। साथ ही बिजली और ओले गिरने की आशंका है। वहीं राज्य के अन्य 25 जिलों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। बीते 24 घंटे में सुपौल, रक्सौल और मधुबनी समेत 10 जिलों में बारिश हुई। सुपौल में शनिवार रात ओले भी गिरे। किशनगंज में तेज आंधी और बारिश की वजह कई जगह पेड़ उखड़ गए। कटिहार में तेज आंधी-बारिश से आम के फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रोहतास का डेहरी सबसे गर्म रहा। जबकि 8 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। भोजपुर में गर्मी से एक महिला की मौत हो गई। मौसम में बदलाव की वजह मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मौसम के अचानक बदले मिजाज के पीछे कई कारण हैं। झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर हवा का कम दबाव क्षेत्र बना हुआ है, जिसका असर बिहार में दिख रहा है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती प्रभाव अब इसी सिस्टम में मिल गया है। ऊपर की सतह पर तेज रफ्तार से हवा भी चल रही है, जिससे वातावरण में अस्थिरता बनी है। यही कारण है कि बिहार के कई हिस्सों में बादल छा रहे हैं, तेज हवा चल रही है और बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। देखें मौसम की कुछ तस्वीरें… तापमान में थोड़ी गिरावट, लेकिन गर्मी अभी बरकरार बारिश और बादल की वजह से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, लेकिन गर्मी अभी खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक है। अगले 3 से 4 दिनों तक दिन के तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा। रात के तापमान में भी कोई खास अंतर नहीं आने की संभावना है। यानी दिन में उमस और गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन बीच-बीच में बारिश राहत देती रहेगी। पटना में आज भी 40 डिग्री रह सकता तापमान पटना में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। दिनभर उमस और गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन शाम या रात में तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पटना में मौसम फिलहाल अस्थिर बना रहेगा।