यमुनानगर में विवाहिता सुसाइड केस में आरोपी पति आया सामने:बोला-3 दिन पहले कश्मीर घूमकर लौटे, रोमांटिक वीडियो भी बनाया; फिर खाया जहर

यमुनानागर शहर की रामपुरा कॉलोनी में जहरीला पदार्थ निगलने से 28 वर्षीय विवाहिता प्रीति की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जहां एक ओर मृतका के मायके पक्ष ने पति राहुल शर्मा पर मारपीट और जबरन जहर देने के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं अब आरोपी पति सामने आकर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बता रहा है। राहुल शर्मा ने कहा कि उसके और प्रीति के बीच संबंध सामान्य थे और पति-पत्नी के बीच होने वाले छोटे-मोटे झगड़ों के अलावा कोई गंभीर विवाद नहीं था। उसने कहा कि सुसाइड से महज 3-4 दिन पहले ही दोनों कश्मीर घूमकर लौटे थे, जहां उन्होंने साथ में समय बिताया और एक रोमांटिक गाने पर वीडियो भी बनाया। इस दौरान उन्होंने माता वैष्णो देवी के दर्शन भी किए। मैं अपनी पत्नी को नुकसान पहुंचाने की क्यों सोचूंगा राहुल ने कहा कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और वह अपनी पत्नी को नुकसान पहुंचाने की कल्पना भी नहीं कर सकता। उसके अनुसार 23 अप्रैल को वह प्यारे चौक पर अपनी रेहड़ी पर काम कर रहा था, तभी बेटे का फोन आया कि मां की तबीयत खराब है। उसने बताया कि उसका छोटा साला उसके पास ही काम करता है, जिसे उसने घर भेजा। साले ने फोन करके बताया कि प्रीति की हालत काफी गंभीर है। इसके बाद वह तुरंत घर पहुंचा और प्रीति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। ससुराल पक्ष पर भी लगाए आरोप हालत बिगड़ने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया और फिर मुलाना अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। राहुल ने कहा कि प्रीति ने किस हालात में और किस वजह से यह कदम उठाया इस बारे उसे भी कुछ मालूम नहीं है। राहुल ने मृतका के परिजनों पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद जब वे यमुनानगर पहुंचे, तो उन्होंने बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया और प्रीति के जेवरात की मांग करने लगे। उसने यह भी कहा कि अब ससुराल पक्ष अब उसकी संपत्ति को हड़पने की साजिश रच रहे हैं। मायके पक्ष के गंभीर आरोप बरकरार गौरतलब है कि मृतका की मां मीना देवी निवासी जसराना जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश ने शिकायत दी है कि राहुल शर्मा शादी के बाद से ही प्रीति के साथ मारपीट करता था और किसी अन्य महिला से बात करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से एक रात पहले भी प्रीति ने रोते हुए फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है। परिजनों का आरोप है कि या तो प्रीति को जबरन जहर दिया गया या फिर वह पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने को मजबूर हुई। वहीं पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *