बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर और पूर्वी बिहार में हो रही बारिश के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने बिहार के 36 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। 14 जिलों के लिए ऑरेंज, जबकि 24 के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना समेत दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। विभाग की माने को बिहार में 30 अप्रैल तक आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 50KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 1 मई से बिहार में फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में लू चल सकती है। पिछले 24 घंटे में बिहार के कई जिलों में गर्मी का असर बना रहा। कैमूर का भभुआ 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म रहा। ठंडी हवाओं के चलते रोहतास में भी पारा 3 डिग्री गिरकर 41 डिग्री पर पहुंच गया। बिहार में मौसम की 3 तस्वीरें देखिए…. बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम बिहार के सीमावर्ती इलाकों में बारिश की वजह से तापमान की तपिश में थोड़ी कमी आई है। तेज धूप के बीच हल्की ठंडी हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिली है। अब तक बिहार के अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश और ठनका गिरने से 5 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, दो दिन पहले भीषण गर्मी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हुई थी। पटना में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री रहा। जबकि दो दिन पहले तक यह 40 से ऊपर दर्ज किया जा रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। आगे कैसा रहेगा मौसम बिहार में दो तरह का मौसम क्यों बना हुआ है मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में इस समय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण अलग-अलग मौसमीय परिस्थितियां बन रही हैं। उत्तर बिहार के जिलों में नमी अधिक होने की वजह से तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा की संभावना ज्यादा है। इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण और मध्य बिहार में नमी अपेक्षाकृत कम है, इसलिए वहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह स्थिति 30 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जिससे राज्य में भीषण गर्मी का असर कुछ हद तक कम रहने की उम्मीद है।