जालंधर के बडाला रोड पर बाइक सवार दो लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला दुकानदार से मोबाइल छीन लिया। महिला ने जब लुटेरे को उसके नाम से पुकारा, तो आरोपी ने उसके चेहरे पर मुक्का मारा और फरार हो गया। पीड़िता मनजीत कौर के अनुसार, आरोपी का नाम ‘जट्टू’ है, जो पास के ही तिलक नगर का रहने वाला है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी के परिजन उसे सुधारने के बजाय उसकी हरकतों का समर्थन कर रहे हैं। यह घटना रात के करीब 10 बजकर 11 मिनट पर हुई। पीड़िता मनजीत कौर घर के बाहर बनी अपनी करियाने की दुकान पर बैठी थीं। वह दुकान बंद करके अंदर जाने की तैयारी कर रही थीं कि तभी एक बिना नंबर प्लेट की हरे रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर मनजीत कौर के हाथ से उनका वीवो कंपनी का फोन छीन लिया। नाम लेते ही लुटेरे ने किया हमला मनजीत कौर ने बताया कि वह लुटेरे को पहले से जानती थीं। जब उन्होंने चिल्लाकर कहा कि जट्टू, मेरा फोन दे जा, मैं पहले ही परेशान हूं, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर या गुस्से में महिला के चेहरे पर जोर से मुक्का मार दिया। मुक्का मारने के बाद वह मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर मुख्य हाईवे (बटाला चौक) की ओर फरार हो गया। आरोपी का पिछला रिकॉर्ड पीड़िता के अनुसार, जट्टू इलाके का नामी चोर है। उसने पहले भी मनजीत कौर के घर से 2 गैस सिलेंडर चोरी किए थे। उस समय एक सिलेंडर वापस मिल गया था, लेकिन दूसरे का कोई पता नहीं चला। घटना वाले दिन भी आरोपी वारदात से पहले दुकान के बाहर दो-तीन चक्कर (रेकी) लगाकर गया था। मनजीत कौर ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर आरोपी के घर गईं, तो उसके माता-पिता और भाई ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोपी का भाई विदेश से आया है, फिर भी वह लूटपाट करता है और उसकी मां उसे पूरी तरह से संरक्षण देती है। असुरक्षित महसूस कर रहे हैं स्थानीय लोग पीड़िता ने रोते हुए कहा कि मैं अब अपने घर के बाहर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हूं। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस थाने में दी है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है।