नारनौल रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर में विवाद, वीडियो वायरल:ढाबे पर बस रोकने को लेकर कहासुनी; महिला यात्रियों के सामने दी गालियां

हरियाणा रोडवेज नारनौल डिपो की बस में ड्राइवर और कंडक्टर के बीच ढाबे पर बस रोकने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। दिल्ली से झुंझनूं रूट पर चलने वाली बस में यह विवाद उस समय हुआ, जब ड्राइवर द्वारा बस को निर्धारित स्टॉप से पहले ढाबे पर रोका गया। कंडक्टर जितेंद्र (C-82) ने आरोप लगाया कि चालक विनोद कुमार (Spl-186) ने रेवाड़ी की सवारियों को बस में बैठाने से मना कर दिया और बस को ढाबे पर रोकने पर जोर दिया। जिससे यात्रियों को परेशानी हुई और विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचा। कंडक्टर के विरोध करने पर ड्राइवर ने कथित रूप से गाली-गलौज की, धमकाया और मारपीट तक की। कंडक्टर ने लगाए गंभीर आरोप शिकायत के अनुसार, झुंझनूं बस स्टैंड पर ड्राइवर ने कंडक्टर को झूठे SC/ST केस में फंसाने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दोनों कर्मचारियों के बीच तीखी बहस देखी जा रही है। यात्रियों ने भी जताई नाराजगी यात्रियों ने भी विवाद पर नाराजगी जताई और बस को समय पर रवाना करने की मांग की। कंडक्टर ने महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज नारनौल डिपो को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, ड्राइवर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और भविष्य में अलग ड्यूटी लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *