नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। यहां NEET स्टूडेंट ने आत्महत्या कर ली है। वहीं, सीएम सम्राट चौधरी बड़ी पटन देवी, छोटी पटन देवी और जल्ला वाले हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। दिल्ली में बिहारी हूं कहने पर पुलिस ने गोली मारकर हत्या कर दी। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. ‘बिहारी हूं, कहने पर पुलिस ने गोली मार दी’ दिल्ली में बिहार के खगड़िया के रहने वाले पांडव कुमार (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांडव के दोस्त ने बताया, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हवलदार ने नशे में पांडव और उसके साथी कृष्णा को गोली मार दी। इलाज के दौरान पांडव की मौत हो गई। कृष्णा की हालत गंभीर बनी है। पांडव दिल्ली में डिलीवरी बॉय का काम करता था। घटना दिल्ली के द्वारका के जाफरपुर कलां इलाके में शनिवार रात की है। वारदात के बाद आरोपी हवलदार मौके से फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 2. नीट के स्टूडेंट ने किया सुसाइड, जहर खाकर दी जान पटना में नालंदा रेजीडेंसी हॉस्टल में नीट के छात्र ने जहर का खाकर सुसाइड कर लिया है। मृतक मुजफ्फरपुर के भगवानपुर का रहने वाला श्रेयम है। जो पिछले 2 साल से नालंदा रेजीडेंसी के फ्लैट नंबर 303, बेड नंबर 98 में रहता था। लाश के बगल में बगल में सोडियम एजाइड (जहर) का एक डब्बा भी था। श्रेयम के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। कमरे में एक और छात्र रहता है, जो फिलहाल हॉस्टल में नहीं है, वो एग्जाम के लिए अपने घर गया हुआ है। घटना एसके पुरी थाना क्षेत्र के एनपथ की है। पूरी खबर पढ़ें 3. गले में चुनरी डालकर छोटी पटन देवी मंदिर पहुंचे CM मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को बड़ी पटन देवी मंदिर पहुंचे। CM ने यहां पूजा-पाठ की। सम्राट को मंदिर में देखते ही लोगों ने उन्हें गुलाब के फूल देना शुरू कर दिए। CM करीब 15 मिनट मंदिर में रुके फिर वे यहां से निकल गए। इस दौरान मंदिर के पुजारी मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी देते दिखे। इसके बाद CM छोटी पटन देवी मंदिर पहुंचे। यहां वे गले में चुनरी पहने दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने मंदिर में बैठकर करीब 10 मिनट तक विधिवत पूजा की। पूरी खबर पढ़ें 4. तेज प्रताप ने धीरेंद्र शास्त्री से पूछा अपना पॉलिटिकल फ्यूचर JJD नेता तेज प्रताप यादव और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बातचीत का वीडियो सामने आया है। इस बातचीत में तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मेरा थोड़ा राजनीतिक भविष्य देख लीजिए। इस पर धीरेंद्र शास्त्री ने जवाब दिया,’हम लोग जब साथ बैठेंगे, तब देख लेंगे।’ ये वही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हैं, जिनके बिहार आगमन का तेज प्रताप यादव ने कभी खुलकर विरोध किया था, अब उसी धीरेंद्र शास्त्री से उन्होंने वीडियो कॉल पर बातचीत की है। पूरी खबर पढ़ें 5. आंधी-बारिश का अलर्ट, 5 डिग्री गिरेगा पारा बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने बिहार के 36 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 जिलों के लिए ऑरेंज, जबकि 24 के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना समेत दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। विभाग की माने को बिहार में 30 अप्रैल तक आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 50KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें 6. एक ही रस्सी से गला घोंटकर मां-2 बच्चों की हत्या मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है। घर में घुसकर महिला और उसके दो बच्चों की हत्या की गई है। मंगलवार सुबह कमरे में बेड पर तीनों के शव मिले हैं। घटना कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश उर्फ बझिला की है। मृतकों की पहचान मिठाई लाल की पत्नी रीता देवी (30), बेटी वैष्णवी (2 साल) और बेटा कन्हैया (3 महीना) के तौर पर हुई है। पति ने बताया, ‘मैं बारात में गया था, सुबह लौटा तो देखा घर का दरवाजा बाहर से बंद था, गेट खोला तो बेड पर लाश थी। पास ही एक रस्सी पड़ी थी।’ पूरी खबर पढ़ें 7. ‘बेटे की लाश रखकर बिल बनाता रहा पारस अस्पताल’ पटना के राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल में सोमवार को 9वीं के छात्रा की मौत हो गई। परिजन ने जमकर हंगामा किया। ICU बेड, वेंटिलेटर लेकर ही सड़क पर उतर गए और विरोध जताया। अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिसर में जमकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की। परिजन का कहना था कि बच्चा मर चुका था फिर भी उसे जिंदा बताकर अस्पताल ने पैसे ऐंठे। परिजन के मुताबिक, मृतक छात्रा विशाल के इलाज में 2 लाख रुपए खर्च हुए। परिवार ने कर्ज लेकर अस्पताल में पैसे जमा कराए, लेकिन इलाज सही से नहीं होने पर विशाल बच नहीं पाया। पूरी खबर पढ़ें 8. MBBS परीक्षा में धांधली, 8 लाख में पेपर की डील GIMS में एमबीबीएस परीक्षा में गड़बड़ी हुई है। संस्थान की जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में इस बात को स्वीकार किया है। इसके बाद संस्थान प्रशासन ने एमबीबीएस के सेकेंड सेमेस्टर 2025 की परीक्षा रद्द कर दी है। संस्थान प्रशासन ने डीन एग्जामिनेशन सेक्शन से जुड़े कर्मियों और कुछ छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, एग्जाम कमिटी में बड़े पैमाने पर फेरबदल का फैसला लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें 9. JDU विधायक पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी पर रोक गोपालगंज के कुचायकोट विधानसभा के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई है। व्यवहार न्यायालय के एडीजे-3 ने एक जमीनी मामले की सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 7 मई को होगी। बचाव पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा तथा हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता नरेश दीक्षित ने पैरवी की। पूरी खबर पढ़ें 10. रिश्वत लेते असिस्टेंट रजिस्ट्रार को निगरानी ने किया गिरफ्तार पटना में मौलाना मजहरूल हक अरबी फारसी विश्वविद्यालय के कार्यालय में निगरानी विभाग ने छापेमारी की है। टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में असिस्टेंट रजिस्ट्रार सनाउल्लाह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सनाउल्लाह ने बताया कि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर आलमगीर ने समस्तीपुर के एक कॉलेज से केआरसी (KRC) के लिए 2.5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड मौजूद है और मैं केवल पैसे पहुंचाने का माध्यम था। पूरी खबर पढ़ें 11. बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद अलर्ट मोड में प्रशासन भागलपुर के बरारी स्थित सरकारी कुक्कुट पालन केंद्र में 2 अप्रैल से अब तक 2700 मुर्गों की मौत हो चुकी है। पशुपालन विभाग की जांच रिपोर्ट भी सामने आई है, जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। मंगलवार को पटना से आई नौ सदस्यीय टीम ने पूरे परिसर को सैनिटाइज किया। परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। साथ ही, एपिसेंटर से एक किलोमीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के पक्षियों की खरीद-बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें 12. 300 अकाउंट होल्डर से 3 करोड़ की ठगी पूर्णिया में सीएसपी संचालक ने सैकड़ों अकाउंट होल्डर के खाते से करोड़ों की निकासी कर ली। शातिर सीएसपी संचालक 300 खाताधारकों के खाते में जमा 3 करोड़ रुपए लेकर भाग निकला। एक बैंक से जुड़े सीएसपी के जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया। मामला रौटा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। आरोप है कि सीएसपी संचालक जुबेर आलम ने अपने परिवार के साथ मिलकर मोजाबारी-शीशाबाड़ी गांव में रहने वाले करीब 300 ग्रामीण खाताधारकों के खाते से 3 करोड़ रुपए तक की राशि निकाल ली। पूरी खबर पढ़ें 13. पत्नी को फोन करके कहा- मुझे मार देगा, बचा लो समस्तीपुर में अपराधियों ने युवक की हत्या कर दी। गर्दन पर धारदार चाकू से हमला किया है। शव को शांति नदी में फेंक दिया। मृतक की पहचान चकमहेसी के कुसियारी हरपूर्वा निवासी रंजीत कुमार(38) के तौर पर हुई है। पहले दिल्ली पूसा सेंट्रल यूनिवर्सिटी के ब्रांच रिसर्च सेंटर में काम करता था। एक साल पहले पिता की मौत के बाद नौकरी छोड़कर गांव वापस लौट आया था। पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी पड़ोसी अभी फरार है। तलाश की जा रही है। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बघमारा गांव के पास की है। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. स्कूल में शिक्षकों की चिकन पार्टी, नोटिस जारी मोतिहारी के आदापुर प्रखंड स्थित यूएमएस उचीडीह स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल के शिक्षक क्लासरूम में चिकन पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्वयं शिक्षकों ने बनाया था। इसमें करीब 6 शिक्षक एक कमरे में बैठकर चिकन बनाते और खाते दिख रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. 19 जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी बुधवार को बिहार के 19 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भी अन्य सभी जिलों में मौसम बदला रहेगा।