हरियाणा के 11 जिलों में बारिश का आरेंज अलर्ट:हिसार-सिरसा सहित आसपास के इलाकों में देर रात बरसात, 3.7 डिग्री लुढ़का पारा

हरियाणा में मौसम के अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 3.7°C की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, राहत के बीच कुछ शहरों में अभी भी सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज 11 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूह में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा कैथल, जींद, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक का अनुमान है। इन शहरों में पारा 40 के पार मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 3 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। रोहतक में सबसे ज्यादा पारा 41.3°C दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 41.0°C और नारनौल में 40.0°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है । इसे देखते हुए किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है: किसानों के लिए एडवाइजरी किसानों को एडवाइजरी जारी की गई है कि खराब मौसम की संभावना को देखते हुए अगले 3-4 दिनों तक सरसों की कटाई और मड़ाई का काम रोक दें। कटी हुई फसल को रस्सियों से बांधकर सुरक्षित रखें। कपास और सब्जियों (भिंडी, घिया, खीरा) की बुवाई को भी अगले 3 दिनों के लिए टाल दें। बदलते मौसम के कारण कीटनाशकों के छिड़काव को अभी रोक दें और पशुओं को लू और धूल भरी हवाओं से बचाने के लिए दिन में शेड के नीचे रखें और जूट के पर्दे लगाएं। उन्हें पर्याप्त मात्रा में साफ पानी और खनिज मिश्रण दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *