करनाल के रिहायशी इलाके में लगी भयंकर आग:20-25 धमाकों से मची अफरा-तफरी,स्क्रैप दुकान पर केमिकल में आग लगाने का आरोप, बड़ा हादसा टला

करनाल की मंगल कॉलोनी पार्ट-2 के रिहायशी इलाके में देर रात करीब 11 बजे अचानक भयंकर आग लग गई, जिससे कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए। आग लगते ही तेज धमाके होने लगे और आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। धमाकों से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले
आग लगने के बाद इलाके में एक के बाद एक करीब 20 से 25 धमाके हुए। तेज आवाजों से लोग दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। स्क्रैप दुकान पर केमिकल जलाने का आरोप
स्थानीय लोगों कृष्ण, अनिल व अन्य का आरोप है कि स्क्रैप की दुकान चलाने वालों ने केमिकल से भरे ड्रम खाली जगह पर रखकर उनमें आग लगा दी। उनका कहना है कि जैसे ही ड्रमों में आग लगी, उसके बाद धमाके शुरू हो गए। लोगों के मुताबिक यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती थी। रिहायशी क्षेत्र में बड़ा खतरा टला
लोगों ने बताया कि जहां आग लगी, उसके पास ही धान का गोदाम और रिहायशी मकान मौजूद हैं। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। लोगों का कहना है कि ऐसे काम रिहायशी इलाके में नहीं होने चाहिए। गोदाम कर्मी ने आरोपों से किया इनकार
वहीं गोदाम में काम करने वाले व्यक्ति ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार की आग नहीं लगाई है। लिखित शिकायत देने की तैयारी
स्थानीय लोगों ने कहा है कि वे इस मामले में लिखित शिकायत देंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *