पठानकोट में भीषण गर्मी के बाद बरसे बदरा:8 डिग्री गिरा पारा, शहर में रिमझिम बरसात से मौसम सुहावना, अगले 5 दिन राहत के आसार

पठानकोट में पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी की मार झेल रहे पठानकोट वासियों के लिए बुधवार की सुबह बड़ी राहत लेकर आई। तड़के हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने तपती गर्मी से चैन की सांस ली। 8 डिग्री गिरा तापमान
बता दें, पठानकोट में 27 अप्रैल को शहर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं बुधवार को यह लुढ़ककर 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4-5 दिनों में तापमान में अभी 3 से 4 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है।
मंगलवार को भी बाहरी इलाकों में हुई बारिश
बता दें, मंगलवार की सुबह तड़के 5 बजे शहर के बाहरी इलाकों जैसे मामून, डिब्बर घराट और सिंबल चौक में तेज बारिश दर्ज की गई। लेकिन, शहर में सुबह हल्की उमस ने परेशान किया, लेकिन सुबह 11 बजे की बूंदाबांदी और दोपहर बाद चली हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल दी। 4-5 दिनों तक मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग ने ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ के सक्रिय होने के कारण अगले 5 दिनों तक राहत जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 अप्रैल से 2 मई के बीच 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। 4 मई तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।
किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें
एक तरफ जहां आम जनता बारिश का आनंद ले रही है, वहीं किसान चिंतित हैं। मंडियों में गेहूं की फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी है। किसानों का कहना है कि यदि फसल की लिफ्टिंग जल्द न हुई, तो बारिश से अनाज खराब हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *