ऊना जिले के बाथू में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या की। मृतक का शव पंखे से लटका मिला। इस मामले में मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने बीती शाम (मंगलवार को) पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। भदसाली निवासी मृतका की मां इंदुबाला ने टाहलीवाल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मृतका के पति हनी कुमार, सास, ननद, ननदोई और देवर दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पांच पहले हुई थी शादी इंदुबाला के अनुसार, उनकी बेटी शिवानी ठाकुर की शादी बाथू निवासी हनी कुमार के साथ 12 नवंबर, 2025 को हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने शिवानी को दहेज कम लाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। 25 अप्रैल को पंखे से फंदा लगाकर दी जान मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उपरोक्त लोगों की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर शिवानी ने 25 अप्रैल को पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया: SP एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।