लुधियाना में मैरिज पैलेस में तोड़ फोड़:बकाया पैसे मांगे तो GM और वर्करों को पीटा,फॉर्च्यूनर तोड़ी और कार चढ़ाने की कोशिश मामला दर्ज

लुधियाना के पखोवाल रोड स्थित साउथ एंड गार्डन मैरिज पैलेस में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक शादी समारोह के दौरान बकाया पेमेंट मांगने पर हंगामा हो गया। आरोपियों ने न सिर्फ पैलेस के जीएम और वर्करों के साथ मारपीट की, बल्कि दहशत फैलाने के लिए उन पर तेज रफ्तार कार चढ़ाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पेमेंट के विवाद के चलते हुई मारपीट पुलिस को दिए बयान में पैलेस के जीएम जसप्रीत सिंह निवासी गांव कालख ने बताया कि 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात हरपाल सिंह के बेटे की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। जब जसप्रीत ने पेंडिंग पेमेंट की मांग की तो आरोपी हरपाल सिंह ने अपने साथियों (जस, गोपी, दिलीप, सनी) के साथ मिलकर हमला कर दिया। आरोपियों ने जीएम और वर्कर गुलाम अली व वशिष्ठ कुमार की बेरहमी से पिटाई की। लूटपाट और तोड़फोड़ की वारदात शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पैलेस मालिक साहिल अग्रवाल की सोने की चेन छीन ली और उनकी काले रंग की फॉर्च्यूनर कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, अपनी फोर्ड कार को तेज रफ्तार से जीएम के ऊपर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 109, 304, 126(2), 324(5), 351(1), 351(3) और 190 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *