समय: शाम 4:08 बजे
जगह: सुल्तानगंज नगर परिषद ऑफिस नगर परिषद के चेयरमैन राजकुमार गुड्डू के दफ्तर में तालाब और नगर परिषद एरिया में लगने वाले होर्ल्डिंग को लेकर बोली लग रही थी। इसको लेकर चेयरमैन के दफ्तर में 12 से 15 लोग थे। इसी दौरान सफेद शर्ट, खाकी रंग के हाफ पैंट में हरे रंग का झोला लिए नगर परिषद के उपसभापति का पति रामधनी यादव अपने दो साथियों के साथ घुसता है। राजकुमार गुड्डू के दफ्तर में घुसते ही हाफ पैंट पहने रामधनी यादव अपने झोला से कट्टा निकालता है। राजकुमार गुड्डू को धमकाते हुए कहता है कि सुल्तानगंज में सिर्फ तुम ही राज करोगे क्या। फिर कुछ कहता है और फायरिंग शुरू कर देता है। रामधनी यादव ने राजकुमार गुड्डू को दो गोली मारी, इसी दौरान बीचबचाव करने पहुंचे एग्जीक्यूटिव अफसर कृष्णा भूषण कुमार पर भी फायरिंग कर दी। कृष्ण कुमार भूषण को चार गोलियां लगी। घटना के बाद आनन-फानन में राजकुमार गुड्डू और कृष्णा कुमार भूषण को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कृष्णा कुमार की मौत हो गई, जबकि राजकुमार गुड्डू को बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता में एडमिट कराया गया। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद रामधनी यादव अपने गुर्गों के साथ फरार हो गया। अफसर की हत्या करने वाला और राजकुमार गुड्डू पर गोली चलाने वाला रामधनी यादव कौन है, अफसर की हत्या, नगर परिषद के चेयरमैन पर फायरिंग क्यों की गई, टेंडर की क्या प्रक्रिया चल रही थी, पूरा विवाद क्या है? पढ़िए एक्सक्लूसिव रिपोर्ट। रामधनी यादव और राजकुमार गुड्डू के बीच थी पुरानी अदावत फायरिंग करने वाला रामधनी यादव चूंकि नगर परिषद के उपसभापति नीलम देवी का पति था और नगर परिषद के चेयरमैन राजकुमार गुड्डू से उसकी पुरानी अदावत थी। रामधनी यादव का नगर परिषद ऑफिस आना जाना था, इसलिए वो एग्जीक्यूटिव अफसर कृष्णा भूषण कुमार से भी परिचित था। जब रामधनी फायरिंग कर रहा था, तब कृष्णा भूषण गुड्डू बीच बचाव में आए थे। नगर परिषद के दफ्तर में फायरिंग करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। भास्कर ने इस फुटेज को लेकर ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से बात की। हमारे पास पूरी बातचीत का ऑडियो है। गोली किसने चलाई, बातचीत में स्थानीय लोगों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि ये रामधनी यादव ही है, जिसने गोली चलाई। जानिए, भास्कर के पास मौजूद ऑडियो में क्या कहा गया है? वारदात के बाद मौके पर पहुंचे दैनिक भास्कर रिपोर्ट ने सीसीटीवी दिखाकर आसपास के लोगों से बातचीत की। जानकारी मिली कि वीडियो में सबसे पहले राजकुमार गुड्डू के दफ्तर में रामधनी यादव पहुंचा। रामधनी के साथ दिख रहा सफेद शर्ट वाला अपराधी उसका बेटा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। चैंबर के CCTV की 2 तस्वीरें देखिए… अब वारदात के बाद 2 तस्वीर देखिए…
अब जानिए पूरा विवाद क्या है और ये कब से चला आ रहा है? स्थानीय लोगों से कृष्णा भूषण कुमार की हत्या और नगर परिषद के चेयरमैन पर फायरिंग के कारणों के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। फायरिंग करने वाला रामधनी यादव पर अजगैबीनाथ ट्रस्ट की करीब 100 करोड़ रुपए की 50 एकड़ जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की जमीन पर अवैध कब्जा का विरोध नगर परिषद के सभापति कर रहे थे। इसको लेकर राजकुमार गुड्डू और रामधनी यादव के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद से सभापति और आरोपी के जुड़े होने की वजह से दोनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई भी थी। अफसर की हत्या, नगर परिषद के चेयरमैन पर फायरिंग क्यों की गई? अफसर की हत्या और नगर परिषद के चेयरमैन पर फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस ने घटनास्थल से 10 किलोमीटर के रेडियस में करीब 300 सीसीटीवी खंगाला है। देर रात हत्याकांड की जांच से जुड़े एक पुलिस अफसर ने बताया कि वारदात को किसने अंजाम दिया, ये सभी को पता है, लेकिन फिलहाल जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाते, हम कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सकते हैं। वहीं, स्थानीय लोगों से जब भास्कर रिपोर्टर की बातचीत हो रही थी, उसमें सामने आया कि रामधनी यादव चाहता था कि नगर परिषद में जो भी टेंडर हो, वो उसके जरिए हो, उसके चहेते ठेकेदारों को ही टेंडर मिले। इस प्वाइंट पर नगर परिषद के सभापति और आरोपी के बीच लंबे समय से तकरार चल रही थी। सुल्तानगंज में वर्चस्व की लड़ाई और टेंडर विवाद के कारण हुईं ये घटनाएं 1- साल 2017-18 में तत्कालीन पार्षद रामायण शरण के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। 2- मई-जून 2019 में मुख्य पार्षद पद के लिए चुनाव में समर्थन मांगने तत्कालीन एक महिला पार्षद के घर पर अपने समर्थक पार्षद व अन्य लोगों के साथ पहुंची पूर्व मुख्य पार्षद और साथ गए उनके सहयोगियों पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। वारदात में एक शिक्षक को गोली लगी थी, जबकि साथ गए एक ठेकेदार को भी बट से पीटकर घायल कर दिया गया था। 2- नगर परिषद की उपमुख्य पार्षद नीलम देवी के पति रामधनी यादव पर 23 फरवरी 2023 को अपराधियों ने बाईपास के पास उनके आवास के सामने सरेराह गोली मार दी थी। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 3- साल 2023-24 में पूर्व मुख्य पार्षद दयावती देवी के पति कुख्यात रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा को उसके आवास के अंदर घुसकर अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 4- ठेकेदार और रंजिश (अक्टूबर 2023): सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में ही आपसी विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसका मुख्य कारण क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों के बीच आपसी खींचतान बताया गया था।