हिमाचल प्रदेश के माता चिंतपूर्णी में माथा टेककर वापस लौटते समय लुधियाना के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिर गई, जिससे दो युवक जिंदा जल गए। इनमें से एक युवक ने एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर 4 भावुक रील पोस्ट की। रील्स के जरिए उसने कहा कि एक दिन मैं मर जाऊंगा, अर्थी पर एक कंधा मेरे भाई का हो। युवक ने ऐसी चार रील्स अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी। इंस्टाग्राम पर रील्स डालने के करीब 1 घंटे बाद माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर वापस लौटते वक्त हादसा हो गया। कार काफी तेज चल रही थी और मोड पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। मृतकों में पंकू लुधियाना के गोपाल नगर टिब्बा रोड का रहने वाला था। वो अपने दोस्त के साथ चिंतपूर्णी माता मंदिर में माथा टेकने गया था। हालांकि दूसरे युवक की अभी पहचान नहीं हुई है।
इंस्टाग्राम पर 4 रील्स पोस्ट की.. पहली पोस्ट- भाई के लिए संदेश: पिंकू ने पहली वीडियो पोस्ट की- जिसमे लिप्सिंग करते हुए कहा कि भाई जिंदगी में कभी कुछ नहीं मांगा, लेकिन जिस दिन इस दुनिया से जाऊं, मेरी अर्थी पर एक कंधा तेरा होना चाहिए। दोसरी पोस्ट- जिद्दी चाहने वाला चले गया: इसमें भी पिंकू ने लिप्सिंग करते हुए कहा एक दिन तुम यह सोचकर रो दोगे कि कोई जिद्दी चाहने वाला था, जो अपनी जिद छोड़कर कहीं चला गया। तीसरी पोस्ट- रोते हुए वीडियो: तीसरी वीडियो में पिंकू बेहद भावुक दिखा। उसने इस वीडियो में पंजाबी गाने ‘वे एक दिन मैं नहीं होऊंगा, तैनू चैन मिल जाना…’ को बैकग्राउंड में चलाया। इस वीडियो में पिंकू रोता हुआ दिखाई दे रहा है। चौथी पोस्ट- मां से छिपाई तकलीफ: अपनी मां को याद करते हुए पिंकू ने चौथी वीडियो पोस्ट की। इसमें उसने लिप्सिंग करते हुए कहा मां तेरा लाडला पुत्र रात को अकेले बैठ कर रोता है, ऊपर से खुश दिखता है पर दिल वाली बात तुझसे छुपाता है। हादसा का वीडियो सामने आया घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में हादसा कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार काली स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हुई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि चलती गाड़ी का टायर अचानक फट गया था, जिसके कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। धमाका इतना तेज था कि कार के परखच्चे उड़ गए और आग ने किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। सुबह खुश होकर निकले, दोपहर में मौत की खबर पिंकू की भाभी ने बताया कि वह बुधवार सुबह अपनी नई स्विफ्ट कार लेकर घर से निकले थे। पिंकू पेशे से टैक्सी ड्राइवर था और जिम जाने का शौकीन था। उन्होंने बड़े चाव से यह नई गाड़ी खरीदी थी, जो अब लोहे के ढेर में तब्दील हो चुकी है। दोपहर होते-होते परिवार को हादसे की खबर मिली, जिसके बाद इलाके में मातम पसर गया। पिंकू अपने पीछे माता-पिता, बड़े भाई,भाभी और दो मासूम बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गया है। उनके पिता एक फैक्ट्री में दर्जी का काम करते हैं। परिवार मूल रूप से हिमाचल का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से लुधियाना के गोपाल नगर में बस गया था। दूसरे मृतक की पहचान अब भी पहेली इस हादसे में पिंकू के साथ मौजूद उनके दूसरे दोस्त की भी जलने से मौत हो गई है। हालांकि शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण अभी तक दूसरे युवक की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस प्रशासन दूसरे मृतक के परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।