पत्नी को कॉल कर 11वीं मंजिल से कूदा कारोबारी:लखनऊ में बोला- IPL में सबकुछ हार गया; 8 महीने पहले लव मैरिज की थी

लखनऊ में 35 साल के प्रॉपर्टी डीलर ने 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। वह IPL मैच में सट्‌टा लगाता था। गुरुवार को आरसीबी और गुजरात जायंट्स के मैच में लाखों रुपए हार गया। इसके बाद उसने पत्नी को फोन किया। रोते हुए बोला- सबकुछ हार गया हूं। पत्नी ने समझाया, लेकिन वह मैच के दौरान ही अपार्टमेंट की बालकनी से नीचे कूद गया। युवक के गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग दौड़कर वहां पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें प्रबल ने मैच में रुपए हारने की बात लिखी है। सीतापुर का रहने वाला प्रबल जैन गुडंबा थाना क्षेत्र के जनेश्वर अपार्टमेंट में किराए पर रहता था। उसने अभी 8 महीने पहले ही लव मैरिज की थी। हादसे के वक्त पत्नी सीतापुर में थी। दोनों की फोन पर बातचीत चल रही थी। घटना गुरुवार रात 8.30 बजे की है। उस समय आरसीबी और गुजरात जायंट्स का मैच चल रहा था। लोग बाहर ही टहल रहे थे, गिरने की आवाज से दौड़े
गुरुवार रात करीब 8.30 बजे प्रबल ने 11वीं मंजिल से नीचे छलांग लगाई। बारिश के बाद मौसम सुहाना था, लोग सोसाइटी में ही घूम रहे थे। नीचे गिरने की आवाज से लोग दौड़कर वहां पहुंचे। भीड़ जमा हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रबल को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें मैच में रुपए हारने की बात लिखी है। पत्नी और परिवार से माफी मांगी है। बैंक स्टेटमेंट और परिवार की शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। पत्नी बोली- मुझे रोते हुए फोन किया था
पत्नी शिवानी ने पूछताछ में बताया- वह हमेशा आईपीएल देखते रहते थे। कल रात में भी वह मैच देख रहे थे। उसी दौरान उन्होंने मुझे फोन किया। वह काफी रो रहे थे। उन्होंने केवल इतना बताया कि मैं बहुत कुछ हार गया हूं। इसके बाद वह कुछ नहीं बोल पाए फिर फोन कट गया। पढ़ाई के दौरान हुआ प्रेम, फिर शादी की
प्रबल जैन और झारखंड के बोकारो की रहने वाली शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों में अफेयर हुआ और शादी कर ली। जनेश्वर अपार्टमेंट के लोगों ने बताया- दोनों पिछले साल दिवाली के समय यहां रहने आए थे और लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। मृतक के पिता ने भी कुछ समय पहले आत्महत्या की थी, जबकि मां का भी निधन हो चुका है। सेशन बेटिंग इसमें सटोरिये हर बॉल, ओवर, या सेशन (10-15 ओवर) में बनने वाले रनों या विकेटों पर दांव लगाते हैं। प्रबल सेशन बेटिंग में काफी पैसे हार चुका था। ……………………………………. यह खबर भी पढ़ें योगी बोले- श्रमिकों को 5 लाख का बीमा मिलेगा: मजदूर दिवस पर कहा- जो काम का दाम नहीं देगा, उसका काम तमाम होगा यूपी में 15 लाख श्रमिकों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। शुक्रवार को सीएम योगी ने लखनऊ में मजदूर दिवस पर इसका ऐलान किया। सीएम ने कहा- हमने बचपन में देखा है कि लोग काम कराते थे, लेकिन जब पैसे देने की बारी आती थी तो भुगतान नहीं करते थे। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *