पानीपत में बंगाली डॉक्टर को दूसरे दिन फिर पीटा:मारपीट की शिकायत देने पर भड़के आरोपी, सुबह घर के बाहर ही घेरा

पानीपत शहर के राज नगर इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों ने एक बंगाली डॉक्टर पर लगातार दूसरे दिन हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी इस बात से नाराज थे कि डॉक्टर ने उनके खिलाफ पहले हुए हमले की शिकायत पुलिस में क्यों दी। शुक्रवार सुबह आरोपियों ने डॉक्टर को उनके घर के बाहर घेर लिया और लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बारे में 8 मरला चौकी इंचार्ज रविंद्र ने कहा कि दोनों झगड़ों का मामला संज्ञान में है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही FIR दर्ज की जाएगी। पहली शिकायत बनी हमले की वजह जानकारी के अनुसार, राज नगर गली नंबर 3 में स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक और उनकी पत्नी पर 30 अप्रैल को जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए शुक्रवार सुबह जब डॉक्टर अपने घर के बाहर थे, तो आरोपियों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जमकर पिटाई की। शोर सुनकर जब तक लोग मदद के लिए पहुंचे, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। विवाद की शुरुआत- मामूली बाइक पार्किंग पूरे विवाद की जड़ गुरुवार सुबह हुई एक मामूली घटना थी। पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे एक मरीज दवा लेने आया था और उसने अपनी बाइक दुकान के बाहर गली में खड़ी की थी। इसी बात को लेकर वहां मौजूद युवक माफिश, सलमान, शाहरुख और शवीर गाली-गलौज करने लगे। जब डॉक्टर ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हथौड़े और डंडों से उन पर हमला कर दिया। पत्नी के साथ भी की थी बदतमीजी गुरुवार को हुई वारदात में बीच-बचाव करने आई डॉक्टर की पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा था। उनके साथ भी मारपीट की गई और छेड़छाड़ का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। उसी दिन घायल दंपति को अस्पताल ले जाया गया था, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई शुरू हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *