अंबाला के पंजोखरा थाना क्षेत्र के टुंडला के पास देर रात करीब 2 बजे गौ-तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी से घबराकर रास्ते से गुजर रहे दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तस्करों को शक हुआ कि आगे पुलिस नाकाबंदी है, जिसके चलते उन्होंने बाइक सवारों को निशाना बना लिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। काम से लौटते समय हुआ हमला
गरनाला निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (25) अपने दोस्त नक्षत्र सिंह के साथ कैंटीन में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जब वे तोपखाना रोड पर टुंडला मोड़ के पास पहुंचे, तभी उनकी सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी से मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि इस पिकअप में गौ-तस्कर सवार थे, जिनका पुलिस पीछा कर रही थी। पुलिस समझकर कर दी फायरिंग
रात के अंधेरे में हेलमेट पहने दोनों युवकों को देखकर तस्करों को लगा कि सामने पुलिस की नाकाबंदी है। खुद को घिरता देख उन्होंने देसी कट्टे से बाइक सवारों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे गुरप्रीत सिंह के चेहरे पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पिकअप छोड़कर फरार हुए तस्कर
वारदात के बाद तस्कर मौके से भागने लगे और थोड़ी दूरी पर अपनी पिकअप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पिकअप में एक बैल और एक गाय लदी हुई थी। नक्षत्र सिंह इस हमले में बाल-बाल बच गया। पुलिस-तस्करों में मुठभेड़, गाड़ी क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।