मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में शनिवार को ग्रामीण चिकित्सकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण एईएस (एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम) उन्मुखीकरण पर केंद्रित था। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन ने पत्र जारी कर सभी ग्रामीण चिकित्सकों को इस कार्यक्रम में बुलाया था। इसका उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र में एईएस की रोकथाम और ग्रामीण समाज में जागरूकता बढ़ाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने एईएस से बचाव के कई महत्वपूर्ण उपाय बताए। इसमें बच्चों को हवादार जगह पर रखने, दिन में दो बार स्नान कराने, रात के भोजन में मीठा भोजन अवश्य खिलाने, पानी का सेवन बढ़ाने और चमकी बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल लाने जैसी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में शामिल सभी ग्रामीण चिकित्सकों को अपने-अपने गांवों में एईएस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुमार वागीश ने किया। इस अवसर पर ग्रामीण चिकित्सक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार दास की अध्यक्षता में कई ग्रामीण चिकित्सक उपस्थित थे। इनमें डॉ. दशरथ सहनी, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. लक्ष्मण सहनी, डॉ. पवन कुमार, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. रवि रंजन कुमार और डॉ. अभिषेक रंजन कुमार सहित अन्य चिकित्सक शामिल थे।