गुरुग्राम में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत:साथी गंभीर, दोनों हवा में उछले; ड्यूटी पर जाते समय हादसा

गुरुग्राम में मानेसर स्थित मारुति सुजुकी कंपनी के गेट के ठीक सामने रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक मारुति कंपनी के गेट के पास से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से कार सहित फरार हो गया। दोनों बिजनौर के रहने वाले मृतक की पहचान अंकुल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव बेड़ा भट्टा का मूल निवासी था। हादसे में अंकुल के साथ बाइक पर सवार 35 वर्षीय राजेंद्र (निवासी बहनेडा, बिजनौर) को भी गंभीर चोटें आई हैं। राजेंद्र को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह हाईटेक नाम की कंपनी काम करते थे और ड्यूटी पर जाते समय हादसा हुआ। फिलहाल, दोनों कांसन गांव में किराए पर रह रहे थे। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, ड्राइवर पर केस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस अब कंपनी के गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी कार ड्राइवर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
वहीं, अंकुल की मौत की सूचना से उसके गांव बेड़ा भट्टा में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों की स्पीड ब्रेकर की मांग मानेसर के इस बिजी एरिया में आए दिन होने वाले हादसों ने स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि मारुति गेट जैसे व्यस्त पॉइंट्स पर यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए और स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *