मसौढ़ी में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार:देशी कट्टा-दो कारतूस जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मसौढ़ी के संगत पर निवासी श्रवण मांझी के पुत्र नसीबा मांझी के रूप में हुई है। मसौढ़ी थाना प्रभारी विवेक भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध मसौढ़ी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 191(2), 126(2), 115(2), 125(b), 109(1) और 132 के तहत कांड संख्या 938/25, दिनांक 10.12.2025 दर्ज है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या नहीं और उसने यह हथियार कहाँ से प्राप्त किया था। मसौढ़ी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *